LIC Share: बीमा सेक्टर की दिग्गज सरकार कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के शेयर शुक्रवार (6 फरवरी) को बाजार में सुस्ती के बावजूद 7 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। कंपनी के शेयरों यह तेजी दिसंबर तिमाही के नतीजों के बाद देखने को मिल रही है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 17 प्रतिशत बढ़कर 12,958 करोड़ रुपये रहा। एलआईसी ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 11,056 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। शेयर में तेजी के बीच ब्रोकरेज हॉउस बीमा कंपनी पर बुलिश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि रिस्क और रिवार्ड का संतुलन निवेश के लिहाज से अनुकूल माना जा रहा है।
एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने एलआईसी पर ‘BUY’ रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1100 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को 30 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दे सकता है। एलआईसी के शेयर गुरुवार को 840 रुपये पर बंद हुए।
ब्रोकरेज के अनुसार, एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में वीएनबी मार्जिन सालाना आधार पर 170 बेसिस पॉइंट बढ़कर 18.8 प्रतिशत हो गया। यह बढ़त ऐसे समय में हुई, जब कामकाज से जुड़े कुछ नकारात्मक अनुमान के कारण 280 बेसिस पॉइंट का दबाव भी रहा।कंपनी ने बताया कि इस दबाव की वजह जीएसटी में इनपुट टैक्स क्रेडिट की छूट न मिलना, पॉलिसी जारी रहने की दर में कमी और ग्रुप बिजनेस में खर्च बढ़ना रहा।
यह भी पढ़ें: ₹4,675 का दांव, ₹8,075 तक कमाई का मौका! Torrent Power पर एक्सपर्ट की बुल स्प्रेड स्ट्रैटेजी
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने एलआईसी पर ‘BUY’ रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1,230 रुपये कर दिया है। इस तरह, शेयर लॉन्ग टर्म में निवेशकों को 46% तक रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज के अनुसार, प्रोडक्ट, बिक्री माध्यम और मार्जिन सुधार पर बेहतर रणनीति के साथ कारोबार की मात्रा बढ़ने से वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में वीएनबी में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कंपनी का वैल्यूएशन इसके एंटरप्राइज वैल्यू के मुकाबले काफी कम है। इसलिए रिस्क और रिवार्ड का संतुलन निवेश के लिहाज से अनुकूल माना जा रहा है।
जेएम फाइनेंशियल ने भी एलआईसी पर खरीदारी की सलाह को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,111 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर 32 प्रतिशत से ज्यादा रिटर्न दे सकता हैं।
ब्रोकरेज के अनुसार, नौ महीनों के दौरान एलआईसी का नए कारोबार का मूल्य (वीएनबी) मार्जिन 18.8 प्रतिशत रहा। इसका मतलब है कि तीसरी तिमाही में यह मार्जिन मजबूत होकर करीब 21.2 प्रतिशत रहा। इसके पीछे अनुकूल आर्थिक माहौल और तेज बढ़त का सहारा रहा। ब्रोकरेज ने कहा कि यह प्रदर्शन कंपनी को लेकर उसके सकारात्मक नजरिए को सही साबित करता है।
यह भी पढ़ें: Suzlon Q3 Results: ₹445 करोड़ का मुनाफा, कमाई बढ़कर ₹4228 करोड़; फिर भी शेयर ने क्यों लगाया 4% का गोता ?
एलआईसी का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 17 प्रतिशत बढ़कर 12,958 करोड़ रुपये रहा। एलआईसी ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 11,056 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
एलआईसी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस तिमाही के दौरान बीमा कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय बढ़कर 1,25,613 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में 1,06,891 करोड़ रुपये थी।
कुल आय भी दिसंबर तिमाही में बढ़कर 2,33,984 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,01,994 करोड़ रुपये थी। एलआईसी का नए कारोबार से प्रीमियम चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 10,605 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 7,285 करोड़ रुपये था।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)