Maharashtra Election Results 2024 Live Highlights: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती शनिवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। रुझानों में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति अपनी सत्ता बरकरार रखने में कामयाब रही है, जबकि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (MVA) 55 सीटों पर सिमट कर रह गई है। महाराष्ट्र में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वह 125 सीटों पर आगे चल रही है।
महायुति में भाजपा 149 सीट पर, शिवसेना 81 सीट पर चुनाव लड़ रही है और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार खड़े किए हैं।
महा विकास आघाडी में कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सहित छोटी पार्टियां भी चुनाव लड़ रही हैं, बसपा ने 237 और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार उतारे हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहिए बिजनेस स्टैंडर्ड के लाइव ब्लॉग पर….
मुख्य घटनाएं
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य विधानसभा चुनाव में ‘महायुति’ के प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ने के साथ ही शनिवार को इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके नारे ‘‘एक हैं तो सेफ हैं’’ को दिया।
शिंदे ने कहा कि इस परिणाम से उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि महायुति के पास ऐसा कोई निश्चित फॉर्मूला नहीं है कि सबसे अधिक सीट जीतने वाली पार्टी के व्यक्ति को ही मुख्यमंत्री का पद मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘फिलहाल कोई निश्चित फॉर्मूला नहीं बना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत तीनों दलों के वरिष्ठ नेता इस मामले पर चर्चा कर फैसला लेंगे।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पराग शाह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की अपनी प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को 34,999 मतों से हराकर घाटकोपर पूर्वी विधानसभा सीट पर कब्जा बरकरार रखा।
महाराष्ट्र चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार शाह को 85,388 वोट मिले, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (एसपी) की राखी जाधव को 50,389 वोट मिले। शाह की यह लगातार दूसरी जीत है।
मुंबई की वडाला विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कालिदास कोलंबकर ने अपनी प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार श्रद्धा जाधव को 24,973 मतों से हराकर जीत बरकरार रखी। कोलंबकर लगातार नौवीं बार जीत हासिल करके राज्य के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक बन गए हैं।
भाजपा नेता को 66,800 वोट मिले, जबकि मुंबई की पूर्व महापौर जाधव को 41,827 वोट मिले। मतों की गिनती 16 चरण में हुई। मतगणना में भाजपा 125 विधानसभा क्षेत्रों में आगे है, जो 2014 के 122 सीट के उसके प्रदर्शन से बेहतर है। 2019 में उसे 105 सीट मिली थीं।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार तीसरे दौर की मतगणना के अंत में मुंबई की वांद्रे पश्चिम विधानसभा सीट पर 6,429 वोटों से आगे।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले नागपुर की कामठी विधानसभा सीट पर दूसरे चरण के मतदान के अंत में 6,421 मतों से आगे।
महाराष्ट्र में प्रचंड बहुमत के साथ जीत की राह पर महायुति, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास के बाहर जश्न मनाया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा प्रमुख अजित पवार पहले दौर की मतगणना के अंत में बारामती विधानसभा सीट पर 3,759 वोट से आगे।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की बेटी और भाजपा उम्मीदवार श्रीजया चव्हाण पहले चरण में भोकर सीट पर 1,878 मतों से आगे।
संजय राउत ने महायुति की जीत के संकेत देने वाले चुनावी रुझानों पर कहा कि हम इसे जनादेश के रूप में स्वीकार नहीं करते, चुनाव परिणामों में कुछ गड़बड़ है।
महाराष्ट्र में कुल 288 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं। महायुति 210 सीटों पर आगे चल रही है। MVA 67 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में जिला प्राधिकारियों ने शनिवार को राज्य विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिलाधिकारी दिलीप स्वामी ने मतगणना से एक दिन पहले शुक्रवार को शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
278 सीटों के रुझानों के मुताबिक, महाराष्ट्र में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। वह 103 सीटों पर आगे चल रही है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 20 दौर की मतगणना होगी। मतों की गिनती के लिए कुल 288 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि कुल 288 मतगणना पर्यवेक्षक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की निगरानी करेंगे, जबकि नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में मतगणना की निगरानी के लिए दो पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष जयंत पाटिल इस्लामपुर विधानसभा सीट से पहले दौर की मतगणना के अंत में 691 मतों से आगे।
258 सीटों के रुझानों के मुताबिक, महाराष्ट्र में महायुति बहुमत के आंकड़े के पार निकल गई है। महायुति 156 सीटों पर आगे चल रही है। MVA 97 सीटों पर आगे चल रही है।
भाजपा- 77
शिवसेना- 26
एनसीपी- 13
अन्य- 0
बांद्रा पूर्व विधानसभा सीटों से जीशान सिद्दीकी आगे चल रहे हैं। उनका सीधा मुकाबला शिवसेना-यूबीटी के उम्मीदवार वरुण सरदेसाई से है।
150 सीटों के रुझान आए सामने, 85 सीटों के साथ महायुति ने फिर बनाई MVA पर बढ़त, वर्ली से आदित्य ठाकरे आगे
महाराष्ट्र में 100 सीटों के शुरुआती रुझानों के बाद बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। MVA गठबंधन महायुति से आगे निकल गई है।
भाजपा- 41
शिवसेना- 11
एनसीपी-5
50 सीटों के रुझान आए सामने, महायुति 42 सीटों पर आगे।
झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की मतगणना पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “दोनों ही जगहों पर पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए अपनी सरकार बनाने जा रही है।”
बारामती विधानसभा सीट पर अजित पवार आगे चल रहे हैं। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला युगेंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) से है।
महाराष्ट्र में 22 सीटों के शुरुआती रुझान सामने आए। 17 सीट महायुति और 5 सीट MVA के पक्ष में जाता दिख रहा है।
महाराष्ट्र में 2 सीटों के शुरुआती रुझान सामने आए है। 1 सीट महायुति और 1 सीट MVA के पक्ष में जाता दिख रहा है।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। कुछ ही देर में शुरुआती रुझान सामने आने शुरू होंगे।
मुंबा देवी विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना उम्मीदवार शाइना एनसी ने मतगणना से पहले मुंबई में श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत का कहना है कि गिनती जल्द ही शुरू होगी और हमें विश्वास है कि महा विकास अघाड़ी महाराष्ट्र में चुनाव जीतेगी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू होने वाली है। पुणे के कोरेगांव में काउटिंग सेंटर के बाहर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
अधिकतर एग्जिट पोल में एनडीए के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है।
महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। महाराष्ट्र में इस बार 65.02 फीसदी वोटिंग हुई।
महा विकास आघाडी में कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए हैं।
महायुति में भाजपा 149 सीट पर, शिवसेना 81 सीट पर चुनाव लड़ रही है और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार खड़े किए हैं।
सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। पहले पोस्टल बैलट के वोटों की गिनती होगी, उसके बाद ईवीएम में दर्ज वोटों की गिनती का नंबर आएगा।