अंतरराष्ट्रीय

फरवरी में भारत दौरे पर आएंगे लूला, रक्षा और खनिज क्षेत्र में ब्राजील से होंगे बड़े रणनीतिक करार

राष्ट्रपति लूला की भारत यात्रा के दौरान रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग से जुड़े कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना जताई जा रही है

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- January 23, 2026 | 9:54 PM IST

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा फरवरी में अपनी भारत यात्रा के दौरान नई दिल्ली में ब्राजील व्यापार एवं निवेश संवर्द्धन एजेंसी ‘एपेक्सब्रासिल’ के कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। लूला 19 से 21 फरवरी तक भारत के दौरे पर रहेंगे।

राष्ट्रपति लूला की भारत यात्रा के दौरान रक्षा क्षेत्र, व्यापार और निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, जैव ईंधन, महत्त्वपूर्ण खनिजों एवं दुर्लभ पृथ्वी तत्वों सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। लूला नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई वर्ल्ड समिट’ में भी भाग लेंगे। ब्राजील के राष्ट्रपति की इस साल भारत के दो दौरे प्रस्तावित है जिनमें फरवरी में पहली यात्रा होगी। इस साल के अंत में भारत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की भी मेजबानी करने वाला है जिसमें लूला शिरकत करने वाले हैं।

लूला के साथ ब्राजील का एक बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। गुरुवार शाम को लगभग 45 मिनट तक टेलीफोन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चली बातचीत में लूला ने आगामी ब्राजील-भारत व्यापार मंच के महत्त्व पर जोर दिया। ‘एपेक्सब्रासिल’ कार्यालय के उद्घाटन के साथ 21 फरवरी को इसकी बैठक होगी। गुरुवार देर शाम सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लूला ने मोदी के साथ अपनी चर्चा का विवरण साझा करते हुए यात्रा की तारीखों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने ब्राजील-भारत व्यापार मंच के महत्त्व पर जोर दिया।

ब्राजील सरकार के एक बयान में कहा गया है कि दोनों नेता रक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, जैव ईंधन, महत्त्वपूर्ण खनिजों एवं दुर्लभ पृथ्वी तत्वों में सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने पर भी सहमत हुए। इसमें कहा गया है,‘दोनों नेताओं ने 21 फरवरी को ब्राजील-भारत व्यापार मंच के महत्त्व की चर्चा की और यात्रा में दोनों देशों के निजी क्षेत्र की भागीदारी का स्वागत किया।’ 

दोनों ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र और इसकी सुरक्षा परिषद के व्यापक सुधार की जरूरत बताई। इस बारे में ब्राजील सरकार ने कहा कि उन्होंने गाजा में शांति और अधिक आम तौर पर विश्व शांति, बहुपक्षवाद और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत सरकार की तरफ से कहा गया कि मोदी और लूला जुलाई में ब्रासीलिया में और बाद में नवंबर में जोहान्सबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान मिले और ‘व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई अहम प्रगति’ पर संतोष व्यक्त किया।

First Published : January 23, 2026 | 9:54 PM IST