भारत को अगले 20 साल में 2,840 नए विमानों और 41,000 पायलटों की जरूरत होगी। एयरबस भारत और दक्षिण एशिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रेमी मेलार्ड यह अनुमान जताते हुए कहा कि साथ ही देश में 47,000 तकनीकी कर्मचारियों की आवश्यकता भी होगी।
उन्होंने विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी ‘विंग्स इंडिया 2024’ के मौके पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एयरबस इस दशक के अंत तक भारत से अपनी सोर्सिंग को मौजूदा 75 करोड़ अमेरिकी डॉलर से दोगुना कर 1.5 अरब डॉलर कर देगी।
उन्होंने कहा कि पिछले साल एयरबस को 750 विमानों का ऑर्डर मिला और उसने भारतीय एयरलाइन कंपनियों को 75 विमानों की आपूर्ति की। इनमें 41 इंडिगो को, 19 एयर इंडिया को, 14 विस्तारा को और एक गो फर्स्ट को दिए गए। मेलार्ड ने कहा ‘भारत एक ऐसी ताकत है, जो अगले दशकों में वैश्विक विमानन क्षेत्र को बल देगा।’
एयरबस एयर इंडिया संग मिलकर खोलेगी पायलट प्रशिक्षण केंद्र
यूरोपीय विमान विनिर्माता एयरबस ने हरियाणा के गुरुग्राम में पायलट प्रशिक्षण सुविधा स्थापित करने के लिए टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया के साथ साझेदारी की है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां 50-50 के अनुपात में एक संयुक्त उद्यम गठित करेंगी। इसके साथ ही एयरबस ने हैदराबाद स्थित अपनी इकाई में विमान रखरखाव इंजीनियरिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए जीएमआर एयरो टेक्निक के साथ सहयोग की भी घोषणा की।