येस बैंक में प्रबंध निदेशक (MD) व मुख्य कार्याधिकारी का पदभार संभालने जा रहे 60 साल के विनय मुरलीधर टोंसे पर बैंक को वृद्धि के अगले चरण में ले जाने की जिम्मेदारी है। वह प्रशांत कुमार की जगह लेंगे।
हाल की तिमाहियों में बैंक के कारोबार की वृद्धि, खासकर खुदरा क्षेत्र में, सुस्त रही है, क्योंकि बैंक होम लोन और कार लोन जैसे परंपरागत ऋण क्षेत्र से हटकर मिल यील्डिंग सेग्मेंट की ओर बढ़ रहा है। जापान की वित्त क्षेत्र की दिग्गज एसएमबीसी द्वारा बैंक में पिछले साल 25 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के बाद यह नियुक्ति होने जा रही है, जिसे देखते हुए इसे महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। येस बैंक के मौजूदा एमडी और सीईओ प्रशांत कुमार की ही तरह टोंसे भी भारतीय स्टेट बैंक में काम कर चुके हैं। वह नवंबर 2025 में स्टेट बैंक से प्रबंध निदेशक (रिटेल ऑपरेशंस) पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
टोंसे के येस बैंक के एमडी और सीईओ पद पर नियुक्ति पर एक वरिष्ठ बैंकर ने कहा, ‘उन्हें हर क्षेत्र का अनुभव है। अपनी सेवाओं के दौरान उन्होंने कॉरपोरेट बैंकिंग, मार्केट्स, इंटरनैशनल बैंकिंग और खुदरा सहित करीब सभी प्रमुख क्षेत्रों का कामकाज देखा है। साथ ही उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की प्रमुख सहायक इकाई का नेतृत्त्व भी किया है। कार्यकाल के दौरान उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और जनोन्मुखी नेतृत्व वाले बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति हैं। इसकी वजह से वह इस पद के लिए बेहतर विकल्प हैं।’
सूत्रों ने कहा कि एमडी और सीईओ पद के लिए 3 उम्मीदवार दौड़ में शामिल थे, जिनमें से दो निजी क्षेत्र से थे। येस बैंक के बोर्ड ने टोंसे को अपने मुख्य विकल्प के रूप में चुनने का फैसला किया। टोंसे ने 1988 में स्टेट बैंक में प्रोबेशनरी ऑफिसर के रूप काम करना शुरू किया। वह देश के सबसे बड़े ऋणदाता के साथ 30 से अधिक वर्ष तक जुड़े रहे। उन्होंने भारत और विदेश में कई स्थानों पर काम किया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कॉरपोरेट क्रेडिट, ट्रेजरी, रिटेल और इंटरनैशनल बैंकिंग जैसे विभिन्न काम संभाले।