नारायण :40: को दो अन्य के साथ रोहिणी के ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया । अदालत ने गुजरात पुलिस को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दे दी । नारायण को कल गुजरात ले जाकर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा ।
कुरूक्षेत्र के पास पुलिस ने नारायण की एसयूवी का पीछा कर उसे धर दबोचा । गिरफ्तारी के वक्त नारायण सिख की भेष में था और उसने लाल रंग की पगड़ी पहन रखी थी ।
संयुक्त पुलिस आयुक्त :अपराध: एसबीके सिंह ने कहा, नारायण के साथ उसके दो करीबी सहयोगी - पीएसओ कौशल ठाकुर उर्फ हनुमान :29: और ड्राइवर रमेश मल्होत्रा :27: को भी गिरफ्तार किया गया । आज तड़के कुरूक्षेत्र के पास पीपली नाम की जगह से यह गिरफ्तारी हुई ।
पुलिस ने बताया कि नारायण के पास से 2.61 लाख नगद और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए जबकि हनुमान के पास से 13,500 रूपए जब्त किए गए । उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक फोर्ड ईकोस्पोर्ट भी जब्त की गयी है । कार से कुछ बर्तन भी बरामद किए गए ।