हादसे की शिकार हुई वातानुकूलित बस में सवार 45 लोगों की जल कर मौत हो गई थी। इस हादसे में घायल होने वाले पांच यात्रियों का यहां एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि पेशे से गोल्फ कोच योगेश गौड़ा के श्वसन तंत्र में चोट आई थी और इसके अलावा इस आग में उनका शरीर 45 फीसद तक जल गया है। उनकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बनी हुई है।
इस हादसे में घायल हुए चार अन्य लोगों की सेहत में सुधार हो रहा है।
इस बीच, अब तक तीन शवों को रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि शवों को उनके रिश्तेदारों को सौंपने से पहले अधिकारी उनकी डीएनए जांच भी करा रहे हैं।
बेंगलूर हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलेम के समीप एक निजी लग्जरी बस के एक पुलिया से टकरा जाने के कारण उसकी ईंधन टंकी फट गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में एक बच्ची सहित 45 यात्रियोंं की जलकर मौत हो गई थी।
इस भयावह दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग के अधिकारी नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए आज सुबह से ही राज्य में विभिन्न जगहों पर निजी बसों की जांच कर रहे हैं।