बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश चंद माथुर ने अपने पिता के साथ मिलकर मुंबई में एक प्रोपर्टी खरीदी है। यह प्रोपर्टी मुंबई के लोअर परेल ( lower parel) इलाके में खरीदी गई है। इस बात की जानकारी ऑनलाइन प्रोपर्टी पोर्टल squareyards.com ने इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन (IGR) के दस्तावेजों की समीक्षा करके दी है।
स्क्वायर यार्ड्स के मुताबिक बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश ने अपने पिता नितिन मुकेश चंद माथुर के साथ मिलकर मुंबई के लोअर परेल इलाके में यह अपार्टमेंट 11.35 करोड़ रुपये में खरीदा है। यह अपार्टमेंट लोढ़ा ग्रुप की वर्ल्ड वन परियोजना में है।इस अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 189.80 वर्ग मीटर (2,044 वर्ग फुट) है। इस अपार्टमेंट के साथ दो पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं। इस सौदे में 68.10 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी व 30,000 रुपये का पंजीयन शुल्क अदा किया है।
लोअर परेल मुंबई का एक प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र है, जो बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और नरीमन पॉइंट जैसे प्रमुख व्यावसायिक जिलों से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के साथ शानदार रहने की जगहें प्रदान करता है। स्क्वायर यार्ड्स द्वारा आईजीआर संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के विश्लेषण के अनुसार अभिषेक बच्चन, शाहिद कपूर और लेखक अमीश त्रिपाठी जैसे बॉलीवुड सितारों के साथ-साथ खेल जगत की हस्ती ज़हीर खान ने भी लोअर परेल में प्रॉपर्टीज में निवेश किया है।
इस पिता पुत्र की इस जोड़ी में पिता नितिन मुकेश चंद माथुर प्रसिद्ध भारतीय पार्श्व गायक हैं और अपनी भावपूर्ण आवाज़ और ‘राम तेरी गंगा मैली’ और ‘कर्ज’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों के यादगार गीतों के लिए जाने जाते हैं। अपनी भावपूर्ण गायन शैली के लिए प्रसिद्ध मुकेश ने अपने लिए एक अलग पहचान बनाई है और वह भारत भर के उभरते संगीतकारों को प्रेरित करते रहते हैं। उनकी विरासत को उनके परिवार ने भी आगे बढ़ाया है। उनके बेटे नील नितिन मुकेश चंद माथुर ने एक प्रमुख भारतीय अभिनेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उनकी प्रमुख फिल्मों में जॉनी गद्दार, न्यूयॉर्क, प्रेम रतन धन पायो, गोलमाल अगेन, लफंगे परिंदे, 7 खून माफ आदि शामिल हैं।