Stock To buy: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (11 फरवरी) को सपाट शुरुआत के साथ खुले। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज और ऑटो स्टॉक्स में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है जबकि रियल्टी और सरकारी बैंकिंग शेयरों में बिकवाली से बाजार में दबाव पड़ा है। इससे पहले मंगलवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। बाजार में इस मूड-माहौल के बीच ब्रोकरेज हॉउस सिटी ने हॉस्पिटल चलाने वाली कंपनी अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड पर दमदार आउटलुक दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के शेयर फिलहाल अच्छे वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहे हैं।
ब्रोकरेज हॉउस सिटी ने अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज पर ‘BUY’ रेटिंग दी हैं। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 9,600 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर 33 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है। कंपनी के शेयर मंगलवार को 7,220 रुपये पर बंद हुए।
ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी का कामकाज मजबूत रहा। तीसरी तिमाही में एबिट्डा से पहले की कमाई में क्रमशः 17 प्रतिशत और 27 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई। आय 6,500 करोड़ रुपये और कमाई 970 करोड़ रुपये रही।
ब्रोकरेज ने बताया कि बढ़ोतरी की अगुवाई अस्पताल कारोबार ने की, जहां आय में 15 प्रतिशत सालाना वृद्धि दर्ज हुई। यह बढ़ोतरी तब हुई जब नई अस्पताल सुविधाएं भी जोड़ी गईं। अस्पताल कारोबार का मार्जिन 60 आधार अंक बढ़कर 24.5 प्रतिशत हो गया। प्रदर्शन को अपोलो हेल्थको से भी सहारा मिला, जहां अपोलो 24/7 के खर्चों में 12 प्रतिशत सालाना कमी से मार्जिन में 210 आधार अंकों का सुधार हुआ। सिटी ने कहा कि शेयर का वैल्यूएशन अभी भी आकर्षक है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह अपने पुराने औसत स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है।
अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयर एक महीने में करीब 5 प्रतिशत चढ़ गए हैं। तीन और छह महीने में कंपनी का प्रदर्शन लगभग सपाट रहा है। एक साल में स्टॉक ने 20 फीसदी, दो साल में 18 प्रतिशत और तीन साल में 72.01 प्रतिशत रिटर्न दिया है। स्टॉक का 52 वीक का हाई 8,099 रुपये और 52 वीक लो 6,002.15 रुपये है। बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 1,08,899 करोड़ रुपये है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)