Stock Market Update: FY25 के पहले वीकली एक्सपायरी के दिन शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बाजार शुरुआत कारोबार में ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंचने के बाद फिर से फिसल गया।
शुरुआती कारोबार में, एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 74,501 के नए शिखर पर पहुंच गया था । हालांकि, बाद में ये गिरकर 73,485 के स्तर पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 22,619 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और 22,550 के स्तर के आसपास ट्रेड करता दिखा। ये भी थोड़ी देर बाद, 22,304 के लेवल पर आ गिरा।
आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स
एचडीएफसी बैंक लगभग 3% बढ़कर 1,524 रुपये पर दिखा। एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन और टाटा स्टील टॉप गेनर्स रहे। दूसरी ओर, इंडसइंड बैंक, सन फार्मा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज सेंसेक्स में गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में से थे।
व्यापक बाजार में, बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.6 फीसदी बढ़ा, जबकि स्मॉलकैप 1 फीसदी चढ़ा।
कैसी रहेगी आज बाजार की चाल?
ग्लोबल मार्केट से मिलेजुले संकेतों के बीच आज यानी गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की तेजी के साथ शुरुआत होने की संभावना है।
सुबह 8:30 बजे करीब, Gift Nifty 22,600 के करीब कारोबार करता दिख रहा है।
बुधवार को, अमेरिकी बाजार मिश्रित नोट पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 और नैस्डैक 0.1 फीसदी और 0.2 फीसदी बढ़े, जबकि डॉव जोन्स 0.1 फीसदी फिसल गया।
इस बीच, यूएस 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 4.357 प्रतिशत के ऊंचे स्तर के आसपास बनी रही। सोना वायदा ने अपनी रिकॉर्ड तेजी को बढ़ाकर 2,319 डॉलर प्रति औंस कर दिया और ब्रेंट क्रूड ऑयल 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया।
जापान के निक्केई में 1.5% की बढ़ोतरी हुई और कोस्पी में भी तेजी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: मार्च में स्मॉलकैप में बिकवाली से कारोबार पड़ा फीका
व्यक्तिगत शेयरों में, ओएनजीसी, ऑयल इंडिया और रिलायंस जैसी कंपनियों के शेयर आज फोकस में होंगे क्योंकि सरकार ने पेट्रोलियम क्रूड पर विंडफॉल टैक्स को पहले के 4,900 रुपये से बढ़ाकर 6,800 रुपये प्रति मीट्रिक टन कर दिया।
एनएलसी इंडिया द्वारा भी कुछ कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है क्योंकि सरकारी कंपनी ने कहा है कि वह 6,000 करोड़ रुपये की नवीकरणीय संपत्ति बेचने की योजना बना रही है।
कल कैसी थी बाजार की चाल?
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन सुस्ती देखने को मिली। निफ्टी (Nifty) और सेंसेक्स (Sensex) दोनों की गिरावट के साथ ओपनिंग हुई और क्लोजिंग भी लाल निशान में ही देखने को मिली। अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती के अनुमान के चलते आज निवेशक काफी सावधान दिखे।
भारतीय शेयर बाजार में बीएसई संसेक्स (BSE Sensex) 0.04 फीसदी की गिरावट के साथ 73,876.82 के लेवल पर और Nifty-50 0.08 फीसदी गिरकर 22,434.65 के लेवल पर बंद हुए।