भारत में अब तक पर्सनलाइज्ड निवेश सलाह ज्यादातर हाई नेटवर्थ निवेशकों तक ही सीमित रही है। आम निवेशकों के लिए ऐसी सलाह महंगी और मुश्किल मानी जाती थी। अब इस तस्वीर को बदलने का दावा जियो ब्लैकरॉक इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स (Jio BlackRock Investment Advisors) कर रही है। कंपनी ने एक नई डिजिटल निवेश सलाह सेवा शुरू की है। इसमें छोटे निवेशकों को सिर्फ 350 रुपये सालाना में पर्सनलाइज्ड निवेश सलाह मिलेगी। यह कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और ब्लैकरॉक इंक. की 50:50 की ज्वॉइंट वेंचर है। कंपनी का मकसद भारत के लोगों को सिर्फ बचत करने वाला नहीं, बल्कि समझदार निवेशक बनाना है।
निवेशक सिर्फ 10,000 से निवेश शुरू कर सकते हैं। निवेश पोर्टफोलियो की रोजाना निगरानी ब्लैकरॉक की भरोसेमंद अलादीन (Aladdin) टेक्नोलॉजी के जरिए की जाती है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि पोर्टफोलियो बाजार की स्थिति के अनुसार बना रहे और जरूरत पड़ने पर समय पर री-बैलेंसिंग के सुझाव मिलते रहें। यह सेवा 350 रुपये सालाना में उपलब्ध है।
अगर एडवाइजरी के तहत निवेश राशि (AUA) 1 लाख रुपये से अधिक है, तो शुल्क 0.35 फीसदी सालाना होगा। शुरुआत में ऑफर के तौर पर पहले 3 महीने की पर्सनलाइज्ड निवेश सलाह बिल्कुल फ्री दी जाएगी।
Also Read: Kotak MF ने उतारा नया सर्विसेज फंड, ₹500 की SIP से भारत के ग्रोथ इंजन पर दांव लगाने का मौका
भारत एक ऐसा देश है, जहां लोग अनुशासित तरीके से बचत करते हैं। देश के ज्यादातर परिवारों की संपत्ति अभी भी फिक्स्ड डिपॉजिट, रियल एस्टेट और गोल्ड जैसे फिजिकल और बिना मैनेजमेंट वाले निवेश में लगी हुई है। हालांकि अब कैपिटल मार्केट में आम निवेशकों की भागीदारी बढ़ रही है, फिर भी कई निवेशकों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें कमीशन के लिए बेचे जाने वाले प्रोडक्ट, और खुद से निवेश करने वाले प्लेटफॉर्म की जटिलता शामिल है। डिजिटल स्टॉक ब्रोकर्स ने निवेश को आसान जरूर बनाया है, लेकिन निवेश को व्यक्ति के लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता के अनुसार ढालना अब भी एक बड़ी कमी है।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा एम अंबानी ने कहा कि, “हर भारतीय की आर्थिक भलाई हमारे देश के लिए बहुत जरूरी है, ताकि भारत 2047 तक विकसित भारत बन सके। जियोब्लैकरॉक में हमारा लक्ष्य टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके घरेलू बचत की छुपी हुई ताकत को सामने लाना और भारत को सिर्फ बचत करने वाला देश नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी निवेशकों का देश बनाना है। जियो की बड़ी पहुंच और ब्लैकरॉक के वैश्विक अनुभव को साथ लाकर हम हर भारतीय के लिए विश्व-स्तरीय निवेश सलाह को आसान और सुलभ बना रहे हैं, ताकि हम हर भारतीय के भरोसेमंद वित्तीय सलाहकार बन सकें।”
Also Read: STT बढ़ने से Arbitrage Funds का रिटर्न कितना घटेगा? Edelweiss MF ने लगाया अनुमान; देखें कैलकुलेशन
पहले के समय में पर्सनलाइज्ड निवेश सलाह केवल अमीर लोगों (हाई नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स) के लिए ही उपलब्ध थी, क्योंकि इसमें मिनिमम निवेश राशि बहुत ज्यादा होती थी और रिलेशनशिप मैनेजर आधारित मॉडल की वजह से इसकी लागत भी अधिक हो जाती थी।
जियोब्लैकरॉक पर्सनलाइज्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइस इस कमी को दूर करेगा, और लोगों को सरल और किफायती सलाह के जरिए बड़े संस्थानों जैसा निवेश अनुभव देगा। हर निवेशक को उसके निवेश लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता के अनुसार एक पर्सनलाइज्ड निवेश योजना दी जाएगी, जो समय के साथ बाजार में बदलाव और जीवन की जरूरतों के अनुसार खुद को ढालती रहेगी।