Market Cap: पिछले सप्ताह शेयर बाजार में लगातार चौथे हफ्ते गिरावट देखने को मिली, जिसका असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों के बाजार पूंजीकरण पर भी साफ नजर आया। बीएसई की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 6 कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू ₹2.22 लाख करोड़ तक घट गई। इस गिरावट में सबसे बड़ा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ।
बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स में 294.64 अंकों यानी 0.36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में यह कमजोरी विदेशी निवेशकों की बिकवाली, ग्लोबल संकेतों में असमंजस और व्यापारिक समझौतों को लेकर जारी अनिश्चितता की वजह से रही।
रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) जैसी दिग्गज कंपनियों की बाजार वैल्यू में भारी गिरावट दर्ज की गई। इन छह कंपनियों की कुल वैल्यू ₹2,22,193.17 करोड़ कम हो गई।
यह भी पढ़ें: 5 साल में 8006% का रिटर्न! यह स्मॉल कैप स्टॉक्स देने जा रही है बोनस और स्टॉक स्प्लिट का डबल फायदा
वहीं, HDFC बैंक, ICICI बैंक, भारती एयरटेल और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के मार्केट कैप में बढ़ोतरी देखने को मिली।
HDFC बैंक की वैल्यू ₹37,161.53 करोड़ बढ़कर ₹15,38,078.95 करोड़ हो गई।
ICICI बैंक का मार्केट कैप ₹35,814.41 करोड़ बढ़कर ₹10,53,823.14 करोड़ पहुंच गया।
भारती एयरटेल की वैल्यू ₹20,841.2 करोड़ की बढ़त के साथ ₹11,04,839.93 करोड़ रही।
SBI का मार्केट कैप ₹9,685.34 करोड़ बढ़कर ₹7,44,449.31 करोड़ हो गया।
Religare Broking Ltd. के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च, अजीत मिश्रा ने कहा कि, “कमजोर वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण बाजार लगातार चौथे सप्ताह कमजोर रहा। शुरुआत में बैंकिंग शेयरों ने अच्छे तिमाही नतीजों की वजह से बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन रिलायंस जैसे बड़े शेयरों में गिरावट ने रिकवरी को सीमित कर दिया। साथ ही व्यापार समझौतों को लेकर अनिश्चितता और फॉरेन फंड्स की निकासी ने उतार-चढ़ाव बढ़ा दिया।”
बाजार पूंजीकरण के हिसाब से देश की सबसे बड़ी कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी शीर्ष पर बनी हुई है। इसके बाद क्रमशः HDFC बैंक, TCS, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, SBI, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और LIC का स्थान है।