Popular Vehicles IPO Listing Price: पॉपुलर व्हीकल्स के आईपीओ की शेयर बाजार में एंट्री फीकी रही और कंपनी का शेयर मंगलवार को 1.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ बीएसई (BSE) पर 292 रुपये पर लिस्ट हुआ।
वहीं, NSE पर पॉपुलर व्हीकल्स का शेयर 1.96 प्रतिशत के डिस्काउंट के साथ 289.20 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुआ। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस 295 रुपये तय किया था।
पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज आईपीओ लिस्टिंग की तारीख 19 मार्च यानी आज तय की गई। बीएसई नोटिफिकेशन के अनुसार, पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज लिमिटेड के इक्विटी शेयरों को ‘बी’ ग्रुप ऑफ सिक्योरिटीज की सूची में एक्सचेंज पर सूचीबद्ध और लेनदेन के लिए स्वीकार किया जाएगा।
पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज आईपीओ (Popular Vehicles IPO) के लिए बोली 12 मार्च को शुरू हुई और 14 मार्च को समाप्त हुई। आईपीओ अलॉटमेंट शुक्रवार यानी 15 मार्च को फ़ाइनल रूप दिया गया और शेयर आज बीएसई, एनएसई पर लिस्ट किए गए।
कितना था प्राइस बैंड?
पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज ने अपने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 295 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। तीन दिन तक चली बोली में पॉपुलर व्हीकल्स के आईपीओ को 1.23 गुना सब्सक्राइब किया गया है।
आईपीओ के जरिये कंपनी ने कितने पैसे जुटाए
कंपनी ने आईपीओ के जरिए 601.55 करोड़ जुटाए है। इस राशि में से 250 करोड़ रुपये नए इश्यू के लिए आवंटित किए गए हैं, जबकि शेष 351.55 करोड़ रुपये OFS के लिए रखे गए हैं।
फंड का क्या करेगी कंपनी?
आईपीओ के माध्यम से जुटाए गए पैसों का उपयोग कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों के कर्ज के भुगतान के साथ-साथ सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
क्या करती है कंपनी?
पॉपुलर व्हीकल्स एंड सर्विसेज कुट्टुकरन ग्रुप की कंपनी है, जो केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में मल्टी-ब्रांड ऑटोमोबाइल डीलरशिप संचालित करती है। इसकी वेबसाइट के अनुसार, यात्री और वाणिज्यिक वाहनों की डीलरशिप के संबंध में, 31 मार्च, 2023 तक मात्रा के हिसाब से बिक्री के मामले में यह भारत की टॉप छह डीलरशिप में से एक थी।