उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में मानसून का कहर: भारी बारिश से राज्य की अधिकतर नदियां उफान पर, कई जिले बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- July 14, 2025 | 5:07 PM IST

मानसून के तेजी पकड़ने के साथ उत्तर प्रदेश की नदियां उफान मारने लगी हैं और कई जिलों में बाढ़ का कहर शुरू हो गया है। बीते तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते वाराणसी में गंगा के सारे घाट डूब गए हैं और प्रयागराज में लेटे हनुमान मंदिर तक पानी पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 14.6 मिलीमीटर पानी बरसा है जो सामान्य से 6.5 मिमी अधिक है। एक जून से अब तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से 7 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है।

बीते 48 घंटे में बारिश, बिजली गिरने और डूबने से 17 लोगों की जान चली गई है। बदायूं में कांवड़ भरते समय एक श्रद्धालु गंगा नदी में डूब गया, वहीं राजधानी लखनऊ में नाले में बह जाने से एक मजदूर की मौत हो गई। वाराणसी से लेकर गाजीपुर, मिर्जापुर और बलिया में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बलिया में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से महज एक सेंटीमीटर नीचे रह गया है। वाराणसी में मणिकर्णिका घाट डूब जाने से गलियों में दाह संस्कार हो रहा है, जबकि गंगा आरती अब घाट की जगह छतों पर की जा रही है। सारनाथ में बीती रात बिजली गिरने से थाई बौद्ध मंदिर में 80 फीट ऊंचाई पर लगी बुद्ध की प्रतिमा टूट गई।

Also Read: Monsoon ने पकड़ी रफ्तार, 8 जुलाई तक देश में सामान्य से 15% अधिक बारिश

केन और यमुना भी उफान पर

बुंदेलखंड में केन और यमुना ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। बांदा जिले के खतरे का निशान पार कर 40 गांवों में केन नदी का पानी घुस गया है। हमीरपुर में यमुना खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। वहीं ललितपुर में गोविंद सागर बांध के 18 में से 17 गेट खोल दिए गए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया किया था। उधर प्रदेश के तराई जिलों लखीमपुर, सीतापुर, बलरामपुर और श्रावस्ती में नेपाल से पानी छोड़े जाने के चलते राप्ती सहित कई छोटी नदियां उफान पर हैं, और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारी और नगर निकाय प्रमुखों को अपने क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ की समीक्षा करने एवं 24×7 नियंत्रण कक्षों के माध्यम से निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को मौसम, बारिश और जलस्तर से जुड़ी जरूरी जानकारी समय-समय पर दी जाए। इसके लिए स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया और आपदा प्रबंधन ऐप का उपयोग प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि लोग पहले से सतर्क और सावधान रह सकें।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि बाढ़ की आशंका वाले संवेदनशील इलाकों में पहले से ही पर्याप्त प्रबंध कर लिए जाएं। राहत और बचाव दलों को सतर्क रखा जाए और नाव, सर्च लाइट, जीवन रक्षक उपकरण, मेडिकल किट जैसी सभी जरूरी चीजों को तैयार रखें। तटवर्ती क्षेत्रों में NDRF और SDRF की टीमों को सक्रिय मोड में रखा जाए।

First Published : July 14, 2025 | 4:58 PM IST