अन्य

दिल्ली को 100 और नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, जल्द होंगी DTC के बेड़े में शामिल

Published by
भाषा
Last Updated- March 12, 2023 | 5:24 PM IST

दिल्ली परिवहन निगम (DTC) मार्च के अंत में या अप्रैल महीने के पहले सप्ताह में अपने बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बस जोड़ेगा। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

इसके साथ ही DTC के पास इलेक्ट्रिक बस की संख्या बढ़कर 400 हो जाएगी।

दिल्ली के परिवहन आयुक्त आशीष कुन्द्रा बसों का निरीक्षण करने के लिए हाल ही में लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट में गए थे। पिछले महीने DTC की एमडी शिल्पा शिंदे बस का प्रोटोटाइप मॉडल देखने कर्नाटक गयी थीं।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मार्च के अंत में या अप्रैल के पहले सप्ताह में हमें 100 इलेक्ट्रिक बस मिलेंगी। उसके बाद हर महीने 200-250 बसें आएंगी।’’

DTC में 2023 के अंत तक 1,500 नई इलेक्ट्रिक बस शामिल होंगी और इनकी कुल संख्या बढ़कर 1,800 हो जाएगी।

First Published : March 12, 2023 | 5:24 PM IST