Holi Special Train: होली के त्योहार के करीब आते ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगती है। हर साल की तरह इस बार भी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की सुविधा के लिए कई होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई है, जो फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के पहले सप्ताह तक संचालित होंगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन ट्रेनों की बुकिंग शुरू हो चुकी है और यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट आरक्षित कर सकते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि दिल्ली से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए कौन-कौन सी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
नई दिल्ली से बरौनी के बीच 04054 नंबर की स्पेशल ट्रेन 20 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक प्रतिदिन चलाई जाएगी। यह ट्रेन शाम 7 बजकर 50 मिनट पर नई दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन रात 10 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 04053 नंबर की ट्रेन 22 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक रोजाना तड़के 12 बजकर 45 मिनट पर बरौनी से चलेगी और अगले दिन सुबह 3 बजकर 50 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, छपरा और हाजीपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
सुपौल जाने वाले यात्रियों के लिए 04060 नंबर की स्पेशल ट्रेन 20 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक रोजाना रात 9 बजकर 35 मिनट पर नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 4 बजे सुपौल पहुंचेगी।
वहीं 04059 नंबर की वापसी ट्रेन 22 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक सुबह 7 बजे सुपौल से चलेगी और अगले दिन शाम 4 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। इस मार्ग में हाजीपुर, बरौनी, मानसी और सहरसा प्रमुख स्टेशन रहेंगे।
सीतामढ़ी जाने वालों के लिए 04010 नंबर की होली स्पेशल ट्रेन 26 फरवरी और 5 मार्च 2026 को रात 11 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 10 बजकर 30 मिनट पर सीतामढ़ी पहुंचेगी।
वापसी में 04009 नंबर की ट्रेन 27 फरवरी और 6 मार्च 2026 को रात 11 बजकर 55 मिनट पर सीतामढ़ी से चलेगी और अगले दिन रात 11 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज और रक्सौल के रास्ते संचालित होगी।
04014 नंबर की स्पेशल ट्रेन 27 फरवरी और 6 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर आनंद विहार से रवाना होगी और अगले दिन रात 8 बजकर 15 मिनट पर लौकहा बाजार पहुंचेगी।
वापसी में 04013 नंबर की ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च 2026 को रात 9 बजकर 30 मिनट पर लौकहा बाजार से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 3 बजकर 40 मिनट पर आनंद विहार पहुंचेगी। यह सेवा रक्सौल, सीतामढ़ी और झंझारपुर के रास्ते संचालित होगी।
Also Read | AI Impact Summit 2026: दिल्ली में आज से वैश्विक एआई महाकुंभ, दुनिया की नजर भारत पर; जानें पूरा शेड्यूल
शेखपुरा के लिए 04070 नंबर की ट्रेन 20, 24 और 27 फरवरी के साथ 3 और 6 मार्च 2026 को रात 12 बजकर 20 मिनट पर आनंद विहार से प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 8 बजकर 30 मिनट पर शेखपुरा पहुंचेगी।
वापसी में 04069 नंबर की ट्रेन इन्हीं तारीखों पर रात 10 बजकर 30 मिनट पर शेखपुरा से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन तड़के 2 बजे पटना और सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर डीडीयू स्टेशन पर ठहराव के बाद शाम 7 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
होली के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे ने इन विशेष सेवाओं की शुरुआत की है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते टिकट बुक करा लें और यात्रा की योजना पहले से बना लें। त्योहार के समय अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर समय से पहले पहुंचना भी बेहतर रहेगा।
इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से दिल्ली से बिहार जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है और वे अपने घर पर परिवार के साथ होली का त्योहार सुकून से मना सकेंगे।