facebookmetapixel
Budget 2026 में रिसाइक्लिंग इंडस्ट्री की सरकार से मांग: GST कम होगा तभी उद्योग में आएगी तेजी27 जनवरी को बैंक हड़ताल से देशभर में ठप होंगी सरकारी बैंक सेवाएं, पांच दिन काम को लेकर अड़े कर्मचारीऐतिहासिक भारत-EU FTA और डिफेंस पैक्ट से बदलेगी दुनिया की अर्थव्यवस्था, मंगलवार को होगा ऐलानइलेक्ट्रिक टू व्हीलर कंपनियों ने सरकार से की मांग: PM E-Drive सब्सिडी मार्च 2026 के बाद भी रहे जारीसुरक्षित निवेश और कम सप्लाई: क्यों सोने की कीमत लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है?Budget decoded: सरकार की योजना आपके परिवार की आर्थिक स्थिति को कैसे प्रभावित करती है?गणतंत्र दिवस पर दिखी भारत की सॉफ्ट पावर, विदेशी धरती पर प्रवासी भारतीयों ने शान से फहराया तिरंगाIndia-EU FTA पर मुहर की तैयारी: कपड़ा, जूते-चप्पल, कार और वाइन पर शुल्क कटौती की संभावनाBudget 2026 से इंश्योरेंस सेक्टर को टैक्स में राहत की उम्मीद, पॉलिसीधारकों को मिल सकता है सीधा फायदा!Budget 2026 से बड़ी उम्मीदें: टैक्स, सीमा शुल्क नियमें में सुधार और विकास को रफ्तार देने पर फोकस

झारखंड के 25 साल: अधूरे रहे विकास के सपने, आर्थिक क्षमताएं अब भी नहीं चमकीं

लंबे सामाजिक-राजनीतिक संघर्ष के बाद अ​स्तित्व में आए राज्य की आ​र्थिक क्षमताओं का नहीं हो पाया पूरा उपयोग

Last Updated- November 16, 2025 | 10:12 PM IST
Jharkhand
फोटो क्रेडिट: https://jharkhand.gov.in/

खनिज संसाधनों से भरपूर झारखंड की अर्थव्यवस्था अपनी स्थापना के बाद से राष्ट्रीय आ​र्थिक विकास के साथ तालमेल बिठाने में विफल रही है। जिन ख्वाबों, इरादों और लक्ष्यों के साथ यह आदिवासी बहुल राज्य बना ​था, उन्हें पूरा करने के लिए इसकी क्षमताओं का पूरी तरह उपयोग किया ही नहीं जा सका है। 

स्वतंत्रता के बाद से जयपाल सिंह और बाद में शिबू सोरेन जैसे नेताओं के नेतृत्व में आदिवासी पहचान, स्वायत्तता और कल्याण के लिए एक लंबे सामाजिक-राजनीतिक संघर्ष के बाद पिछली शताब्दी के अंत में झारखंड राज्य अ​स्तित्व में आया।

अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली तत्कालीन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने संसद में बिहार पुनर्गठन अधिनियम-2000 पारित किया। उसी साल प्रसिद्ध आदिवासी नेता भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर के दिन बिहार के दक्षिणी हिस्से को काटकर देश का 28वां राज्य बना था झारखंड। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार झारखंड की 26 प्रतिशत से अधिक आबादी अनुसूचित जनजाति श्रेणी की थी। उस समय कुल 81 विधान सभा सीटों में से 28 इन्हीं वर्गों के लिए आरक्षित किए गए थे। पिछले ढाई दशक में झारखंड में केवल एक गैर-आदिवासी मुख्यमंत्री भाजपा के रघुवर दास रहे हैं। संयोग से 2014-19 तक पांच साल का पूरा कार्यकाल पूरा करने वाले वह एकमात्र व्य​क्ति थे।

स्थापना के बाद से अब तक खनिज संसाधनों से भरपूर झारखंड की अर्थव्यवस्था राष्ट्रीय आ​र्थिक विकास के साथ कभी तालमेल नहीं बना पाई। वित्तीय वर्ष 2001-02 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय प्रति व्यक्ति आय का 62.05 प्रतिशत थी। उसके बाद अगले दशक के दौरान इसमें थोड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली लेकिन बाद में यह 60 प्रतिशत से नीचे आ गई और वित्त वर्ष 25 में यह 56.82 प्रतिशत दर्ज की गई। इसी तरह केंद्रीय सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में हिस्सेदारी के रूप में झारखंड की जीएसडीपी वित्त वर्ष 2002 में जहां 1.67 प्रतिशत थी, वह वित्त वर्ष 25 में घटकर 1.56 प्रतिशत पर आ गई। यह सुस्त आ​र्थिक विकास को दर्शाती है। 

वित्त वर्ष 2006 और वित्त वर्ष 16 में झारखंड की वास्तविक जीएसडीपी में सिकुड़न दर्ज की गई, जबकि देश की वास्तविक जीडीपी इस अव​धि में क्रमश: 9.5 प्रतिशत और 8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। कोविड महामारी के बाद वित्त वर्ष 23 और 24 में जीएसडीपी विकास दर राष्ट्रीय जीडीपी विकास दर से पीछे रही, लेकिन वित्त वर्ष 25 में यह आगे निकल गई।

बजट के मोर्चे पर राजस्व प्राप्तियों के हिस्से के रूप में राज्य के कर राजस्व में भी वित्त वर्ष 02 में 34.03 प्रतिशत के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ वित्त वर्ष 25 में ​30.66 प्रतिशत (संशोधित अनुमान) रही। खास बात यह कि वित्त वर्ष 26 के बजट अनुमान में इसमें और गिरावट दर्शायी गई है, जो राजस्व प्राप्तियों के लिए केंद्र सरकार तथा अन्य माध्यमों से आने वाले धन, अनुदान या सहायता पर झारखंड की निर्भरता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। कुल व्यय और जीएसडीपी के प्रतिशत के रूप में पूंजीगत व्यय उतार-चढ़ाव के बीच काफी हद तक स्थिर ही रहा है। 

वित्त वर्ष 21 के महामारी वाले वर्ष को छोड़कर जीएसडीपी के प्रतिशत के रूप में राज्य की बकाया देनदारियां पिछले दशक में लगभग 27-29 प्रतिशत रही हैं।

सकारात्मक पहलू यह है कि स्थापना के बाद झारखंड के वित्तीय प्रदर्शन में काफी सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2002 और 2006 में झारखंड का राजकोषीय घाटा  जीएसडीपी का 4.68 प्रतिशत और 8.08 प्रतिशत था, जो वित्त वर्ष 16 में घटकर 5.58 प्रतिशत पर आ गया। महामारी के बाद वित्त वर्ष 24 में राजकोषीय घाटा कम होकर 1.4 प्रतिशत और वित्त वर्ष 25 में 2.3 प्रतिशत (संशोधित अनुमान) हो गया है। हाल के वर्षों में झारखंड में राजस्व अ​धिशेष की ​स्थिति रही है, जो वित्त वर्ष 24 में जीएसडीपी का 2.4 प्रतिशत तक पहुंच गया।

इसके अलावा, झारखंड सामाजिक-आ​र्थिक संकेतकों में भी पीछे है। बिहार के बाद सबसे अ​धिक बहुपक्षीय गरीब आबादी झारखंड में ही रहती है। वर्ष 2019-21 में राज्य की कुल आबादी में बहुपक्षीय गरीब तबके की हिस्सेदारी 28.81 प्रतिशत थी। यह राष्ट्रीय स्तर से लगभग दोगुनी है। वर्ष 2015-16 में तो राज्य में यह आंकड़ा 42.1 प्रतिशत के स्तर पर था।

रांची (राज्य की राजधानी) जिले को छोड़ दें तो झारखंड के प्रत्येक जिले में 3 से 5 एसटी-आरक्षित विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। इन सभी क्षेत्रों में 2019-21 के दौरान बहुपक्षीय गरीबी का औसत राज्य के औसत से कहीं अ​धिक था। यही नहीं, इस दौरान आदिवासी जिलों के दो-तिहाई हिस्सों में बहुपक्षीय गरीबी दर राज्य के औसत से अधिक दर्ज की गई थी।

वर्ष 2011 की सामाजिक-आ​र्थिक जाति जनगणना से पता चला कि झारखंड में केवल 7 प्रतिशत आदिवासी परिवारों के सदस्य ही प्रति माह 10,000 रुपये से अधिक कमा रहे थे। इसके अलावा, लगभग 13 प्रतिशत आदिवासी परिवारों के सदस्यों के पास वाहन या मछली पकड़ने की नावें थीं। 2011 में केवल लगभग 5 प्रतिशत परिवारों के सदस्यों ने ही आयकर दिया। इससे संकेत मिलता है कि राज्य के लोग किस हद तक आजीविका के लिए कृ​षि या वनों पर निर्भर हैं। 

वर्ष 2023-24 (जुलाई-जून) के दौरान झारखंड में बेरोजगारी दर केवल 1.3 प्रतिशत थी, राष्ट्रीय औसत 3.2 प्रतिशत तथा एसटी वर्ग के लिए अखिल भारतीय बेरोजगारी दर 1.9 प्रतिशत से काफी कम है। इस दौरान राज्य की पुरुष और महिला साक्षरता दर भी राष्ट्रीय औसत से कम दर्ज की गई। 

इस वर्ष अपनी रजत जयंती मना रहे झारखंड को सामाजिक और आ​र्थिक मानकों पर अपने नागरिकों विशेष रूप से आदिवासियों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना है, क्योंकि इन्हीं की पहचान और स्वायतत्ता के लिए तो अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष चला था।

First Published - November 16, 2025 | 10:12 PM IST

संबंधित पोस्ट