भाजपा ने गुरुवार को गांधी परिवार पर हमला करते हुए वायनाड से उपचुनाव के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा के नामांकन करने को वंशवादी राजनीति की जीत और योग्यता की हार करार दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रियंका के चुनावी हलफनामे में संपत्ति की घोषणा में विसंगतियों का दावा किया। साथ ही उन्होंने गांधी परिवार पर आरोप लगाया कि उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के अंदर नामांकन दाखिल करने के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान किया।
उन्होंने केरल की वायनाड सीट से प्रियंका को उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यह गांधी परिवार के भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति की जीत एवं प्रतिभा की हार है।’ भाटिया ने दावा किया कि प्रियंका ने अपने चुनावी हलफनामे में जो संपत्ति घोषित की है, वह उनकी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति से बहुत कम है।