लोकसभा चुनाव

Lok Sabha Elections 2024: देश में लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए 58 सीट पर मतदान आरंभ

Lok Sabha Elections: इस चरण में 889 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 11 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 25, 2024 | 8:58 AM IST

देशभर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए दिल्ली की सभी सात सीट सहित छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार सुबह मतदान आरंभ हुआ।

इस चरण में 889 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 11 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। छठे चरण में उत्तर प्रदेश में 14 लोकसभा सीट, हरियाणा में 10 लोकसभा सीट, पश्चिम बंगाल में आठ लोकसभा सीट, बिहार में आठ लोकसभा सीट, दिल्ली में सात लोकसभा सीट, ओडिशा में छह लोकसभा सीट, झारखंड में चार लोकसभा सीट और जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।

इसके साथ ही ओडिशा में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 42 सीट पर भी मतदान आरंभ हो गया है। हरियाणा की करनाल विधानसभा सीट और उत्तर प्रदेश की गैसड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है।

छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं।

इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 ‘तृतीय लिंगी’ मतदाता शामिल हैं। शेष 57 सीट के लिए अंतिम चरण का मतदान एक जून को होगा और मतगणना चार जून को होगी।

First Published : May 25, 2024 | 8:58 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)