आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक हथियार के तौर पर काम कर रहा है और वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का फोन हासिल कर ‘आप’ की लोक सभा चुनाव की रणनीति की जानकारियां पाना चाहता है।
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था तथा वह एक अप्रैल तक केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में हैं।
आतिशी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि ईडी की केजरीवाल के मोबाइल फोन की जांच करने की जिद यह साबित करती है कि एजेंसी भाजपा के ‘राजनीतिक हथियार’ के रूप में काम कर रही है।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत तथा किसी भी अन्य देश में जहां चुनाव हो रहे हैं, लोगों के राजनीतिक और नागरिक अधिकारों की रक्षा की जाएगी और हर कोई एक स्वतंत्र व निष्पक्ष माहौल में मतदान कर पाएगा।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और विपक्षी दल कांग्रेस के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक के मद्देनजर भारत में आगामी राष्ट्रीय चुनाव से पहले राजनीतिक स्थिति पर एक सवाल के जवाब में ये टिप्पणियां कीं।
संयुक्त राष्ट्र की इस प्रतिक्रिया से एक दिन पहले अमेरिका ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी तथा कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगाये जाने के ऐसे ही सवाल पर प्रतिक्रिया दी थी। भाषा
आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन ने 31 मार्च को रामलीला मैदान में बड़ी रैली की भी घोषणा की है। इसमें गठबंधन में शामिल सभी बड़े दलों नेता शामिल होंगे। इसे देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लोक सभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए आप, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), कांग्रेस, द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत कुछ विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़कों पर कई स्तर के बैरिकेड लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को को तैनात किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत डीडीयू मार्ग और उसके आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसके चलते यहां बड़ी सभाओं पर रोक है। दूसरी ओर ‘इंडिया’ के घटक दलों ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ शुक्रवार को मुंबई में प्रदर्शन किया और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को ‘अवैध और अनुचित’ बताया।
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को ‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों से अपने पति का समर्थन करने की अपील की। सुनीता ने कहा कि उनके पति ने देश में ‘सबसे भ्रष्ट और तानाशाही ताकतों’ को चुनौती दी है।
उन्होंने लोगों से अपने आशीर्वाद और प्रार्थनाओं के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने दो वॉट्सऐप नंबर जारी करते हुए कहा कि लोग ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक के लिए अपने आशीर्वाद, प्रार्थनाएं या अन्य कोई संदेश भेज सकते हैं और वह अपने पति तक उन्हें पहुंचा देंगी।