वेदांत समूह का ग्रामीण भारत के लिए बड़ा वादा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:06 AM IST

अनिल अग्रवाल के नेतृत्व वाले वेदांत समूह ने आज 5,000 करोड़ रुपये के सामाजिक प्रभाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसमें पोषण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सेवा, पशु कल्याण और जमीनी स्तर के खेल पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसके तहत वैश्विक महामारी के खिलाफ जंग में कई राज्यों में कोरोना मुक्त गांव परियोजना में निवेश भी शामिल है।
कंपनी ने आज जारी अपनी एक विज्ञप्ति में कहा है कि अनिल अग्रवाल फाउंडेशन (एएएफ) अगले पांच वर्षों के दौरान इन लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में काम करने के लिए समग्र विकास प्रदान करने वाली वेदांत समूह की सामाजिक पहल की मुख्य इकाई होगी।
केपीएमजी व्यापक तौर पर इस कार्यक्रम को लागू करने के लिए एएएफ का रणनीतिक साझेदार होगा। ‘स्वस्थ गांव अभियान’ कार्यक्रम कंपनी की एक मेगा परियोजना होगी। इसके तहत कोविड का न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक प्रतिरक्षा बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह देश के लिए एक आवश्यक सेवा के तौर पर सामाजिक विकास एवं बुनियादी ढांचा प्रदान करने के समग्र उद्देश्य का हिस्सा होगा।
अनिल अग्रवाल आम लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने और सामाजिक भलाई के लिए अपने 75 फीसदी धन देने का वादा पहले ही कर चुके हैं। इसके अलावा इस कार्यक्रम से रोजगार सृजन होगा और युवाओं को कुशल बनाया जाएगा ताकि स्थिरता एवं प्रगति लाने में मदद मिल सके।
इस फाउंडेशन ने देश के 12 राज्यों के 24 जिलों के 1,000 गांवों में मदद और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की योजना बनाई है जिससे करीब 20 लाख से अधिक लोगों का जीवन प्रभावित होगा।

First Published : July 2, 2021 | 12:03 AM IST