एलन मस्क (Elon Musk) इन दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के प्रचार में जुटे हुए हैं। यह चुनाव 5 नवंबर को होना है। इसी बीच खबर है कि उनकी कंपनी एक्स में एक बार फिर से कर्मचारियों की छंटनी की गई है। यह जानकारी The Verge की एक रिपोर्ट से मिली है।
रिपोर्ट के अनुसार, एक्स कंपनी के कुछ अंदरूनी सूत्रों और ‘ब्लाइंड’ मंच पर पोस्ट की गई जानकारी से पता चला है कि कंपनी के इंजीनियरिंग विभाग में कुछ कर्मचारियों की छंटनी की गई है। हालांकि, कितने लोग इससे प्रभावित हुए हैं, इसका पता नहीं चल पाया है। छंटनी से दो महीने पहले कर्मचारियों से कहा गया था कि वे अपने लीडर्स को कंपनी में किए गए काम की एक पेज की समरी भेजें।
अब तक एलन मस्क या उनकी कंपनी एक्स की तरफ से इस छंटनी पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस पर कोई जानकारी दी जा सकती है।
हाल ही में, एलन मस्क ने एक्स के कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा था, जिसमें उनके बहुप्रतीक्षित स्टॉक लाभ का जिक्र था। द वर्ज के मुताबिक, इस ईमेल में कहा गया था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कर्मचारियों को उनके काम के असर के हिसाब से स्टॉक विकल्प देने की योजना बना रहा है।
कंपनी खरीदते ही 6000 कर्मचारी निकाले
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को अपने स्टॉक पाने के लिए अपने काम का एक पेज का सारांश अपने लीडर को देना होगा। मस्क ने 2022 में एक्स कंपनी खरीदी थी और तब लगभग 80% कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। इसमें 6000 से ज्यादा लोगों की छंटनी हुई थी।
जनवरी में फिर हटाए गए 1000 कर्मचारी
इस साल जनवरी में एक्स ने ‘सेफ्टी’ टीम के 1000 कर्मचारियों को हटाया, जो ऑनलाइन आपत्तिजनक कंटेंट रोकने का काम करते थे। इससे कंपनी के कई विभाग जैसे विविधता, समावेशन, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और डिजाइन भी प्रभावित हुए थे।