पिछले कुछ वर्षों के सबसे बड़े जमीन खरीद सौदे के तहत कनाडा की कंपनी ब्रुकफील्ड ने वाणिज्यिक राजधानी मुंबई के उपनगर नवी मुंबई में करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से 30 एकड़ जमीन खरीदी है।
जानकार सूत्रों ने बताया कि ब्रुकफील्ड ने एक डेटा सेंटर बनाने के इरादे से यह बड़ा भूखंड खरीदा है। उसने रहेजा ग्रुप से यह जमीन खरीदी है। नवी मुंबई के घनसोली इलाके में स्थित इस भूखंड को रहेजा ग्रुप ने वर्ष 2015 में अमेरिकी केमिकल कंपनी कैबॉट कॉर्पोरेशन से 210 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस तरह रहेजा ग्रुप को इस जमीन पर करीब तिगुना रिटर्न मिलने जा रहा है।
रियल एस्टेट जानकारों का कहना है कि ब्रुकफील्ड को यह जमीन बाजार के मौजूदा भाव के हिसाब से ही मिली है। ब्रुकफील्ड की सहायक कंपनी ब्रुकफील्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर ने हाल ही में न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध कंपनी डिजिटल रियलिटी के साथ मिलकर डेटा सेंटर बनाने के लिए एक संयुक्त उद्यम स्थापित किया है। बाम डिजिटल रियलिटी नाम के ब्रांड के तहत देश भर में कई डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना है। इसके लिए देश के अन्य हिस्सों में भी ब्रुकफील्ड जेवी जमीनों की खरीद करने की तैयारी में है। हालांकि इस जमीन सौदे के बारे में ब्रुकफील्ड और रहेजा ग्रुप दोनों की ही तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है।
ब्रुकफील्ड के इस संयुक्त उद्यम से ब्रुकफील्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर के वैश्विक डेटा ढांचा पोर्टफोलियो का विस्तार होगा। फिलहाल ब्रुकफील्ड इन्फ्रा के पास 23 अरब डॉलर की परिसंपत्तियां हैं। इसके देश भर में 1.39 लाख चालू दूरसंचार वायरलेस टॉवर हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाकर 1.75 लाख तक पहुंचाने का इरादा है।
कामकाज, पढ़ाई-लिखाई एवं खेल गतिविधियों के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी की जरूरत बढऩे से डेटा उपयोग भी तेजी से बढ़ा है। इसने देश भर में डेटा सेंटरों की मांग भी बढ़ाई है। इस मांग को देखते हुए तमाम वैश्विक ऑपरेटरों ने भारतीय कंपनियों या वैश्विक कंपनियों की भारतीय इकाई के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित किए हैं।