कमोडिटी

Kharif sowing 2024: खरीफ फसलों का रकबा 3 फीसदी बढ़ा, अब धान की बोआई भी सुधरी

अरहर, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली, मक्का जैसी प्रमुख खरीफ फसलों की बोआई में वृद्धि हुई है, जबकि बाजरा, उड़द, तिल, कपास के रकबा में गिरावट दर्ज की गई।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- August 02, 2024 | 11:21 PM IST

खरीफ फसलों की बोआई में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। चालू सीजन में अब तक खरीफ फसलों की बोआई 900 लाख हेक्टेयर पार कर गई है। दलहन, तिलहन, मोटे अनाज की बोआई में इजाफा हुआ है। पिछले सप्ताह तक बोआई में पिछड़ने वाली इस सीजन की सबसे बड़ी फसल धान की बोआई में अब बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि कपास का रकबा घटा है।

2024 में कितनी हुई खरीफ फसलों की बोआई?

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2 अगस्त तक 904.60 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बोआई हो चुकी है, जो पिछले साल की समान अवधि में 879.22 लाख हेक्टेयर में हुई बोआई से 2.88 फीसदी अधिक है। इस सप्ताह धान की बोआई में सुधार देखने को मिला है। अब तक 276.91 लाख हेक्टेयर में धान बोया जा चुका है, जो पिछले सीजन की समान अवधि में 263.01 लाख हेक्टेयर में बोये गए धान 5.28 फीसदी ज्यादा है। पिछले सप्ताह तक इसकी बोआई में गिरावट देखी गई। इस साल कपास की बोआई 8.25 फीसदी घटकर 108.43 लाख हेक्टेयर रह गई।

कितना रहा दलहन फसलों का रकबा?

चालू खरीफ सीजन में 2 अगस्त तक दलहन फसलों का रकबा 110.61 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया, जो पिछली समान अवधि के रकबा 99.71 लाख हेक्टेयर से 10.93 फीसदी अधिक है। अरहर की बोआई पिछले साल के 33.27 लाख हेक्टेयर से करीब 26 फीसदी बढ़कर 41.89 लाख हेक्टेयर और मूंग की 28.15 लाख हेक्टेयर से करीब 12 फीसदी बढ़कर 31.62 लाख हेक्टेयर हो गई, जबकि उड़द की बोआई पिछले साल के 26.21 लाख हेक्टेयर से मामूली घटकर 25.96 लाख हेक्टेयर रह गई।

तिलहन फसलों की बोआई में कितना हुआ इजाफा?

चालू खरीफ सीजन में अब तक 179.69 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलें बोई जा चुकी हैं, जो पिछले साल इसी अवधि में 174.53 लाख हेक्टेयर में बोई गई तिलहन फसलों से करीब 3 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान इस सीजन की सबसे बड़ी तिलहन फसल सोयाबीन का रकबा 123.77 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया, पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 120.51 लाख हेक्टेयर था। इस सीजन में मूंगफली का रकबा पिछले साल के 39.20 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 44.06 लाख हेक्टेयर हो गया। तिल का रकबा पिछले साल के 10.07 लाख हेक्टेयर से घटकर 9.51 लाख हेक्टेयर रह गया।

मोटे अनाजों की कितनी हुई बोआई?

सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2 अगस्त तक मोटे अनाजों की 165.59 लाख हेक्टेयर में बोआई हो चुकी है, जो पिछले साल की समान अवधि में 160.38 लाख हेक्टेयर में हुई बोआई से 3.25 फीसदी ज्यादा है। मोटे अनाजों में मक्का का रकबा 10.31 फीसदी बढ़कर 82.25 लाख हेक्टेयर हो गया। हालांकि इस साल मोटे अनाजों में मक्का के बाद दूसरी बड़ी फसल बाजरा की बोआई करीब 5 फीसदी घटकर 62.70 लाख हेक्टेयर रह गई।

First Published : August 2, 2024 | 5:53 PM IST