काठमांडो, 8 दिसंबर : भाषा : नेपाली कांग्रेस और यूसीपीएन माओवादी ने आज एक साल के भीतर नये संविधान का मसौदा तैयार करने के लिए सकारात्मक बातचीत की। इस प्रकार नेपाल में राजनीतिक संकट खत्म करने के लिए सरकार गठन पर वार्ता तेज हो गई।
नेपाली कांग्रेस प्रमुख सुशील कोइराला और माओवादी प्रमुख प्रचंड के बीच यहां प्रचंड के घर पर बैठक के दौरान नये संविधान के मसौदे तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
नेपाली कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, कोइराला ने प्रचंड से संविधान का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल होने और जनादेश को स्वीकार करने के लिए कहा।
सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों ने खुलकर चर्चा की और दोनों पक्ष समस्याएं सुलझाने को लेकर लचीले दिख रहे थे। दोनों पक्ष विचार विमर्श आगे भी करने को सहमत हुए।
हालांकि प्रचंड ने 19 नवंबर को हुए संविधान सभा के चुनावों में कथित अनियमितताओं में जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच आयोग के गठन की मांग की।
नेपाली कांग्रेस उपाध्यक्ष राम चंद्र पौडियाल ने कहा कि यूसीपीएन माओवादी की इस मांग पर एनसी ने प्रचंड से कहा कि सभी मुद्दों को बातचीत के जरिये सुलझाया जाएगा।
नेपाली कांग्रेस और सीपीएन यूएमएल ने कल विभिन्न दलों के साथ औपचारिक वार्ता शुरू करने का फैसला किया था ताकि संविधान सभा की पहली बैठक बुलाई जा सके।
हालांकि ये दल इस बात पर सहमति नहीं बना पाए कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और संविधान सभा के स्पीकर जैसे शीर्ष पदों की साझेदारी कैसे होगी।
ये दोनों दल पिछले कुछ दिन से अनौपचारिक वार्ता कर रहे थे। इन दलों ने कल एक बैठक में तीन सूत्री समझौता किया।