खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के प्रधान सचिव पी. डब्ल्यू इंगटी ने प्रेट्र से कहा, राज्य की राजधानी में आज सुबह नमक की कमी की अफवाह फैल गई जो धीरे धीरे पूरे राज्य में फैल गई ।
इंगटी ने कहा, मैंने असम एवं अन्य राज्यों में अपने समकक्षों से इस बारे में पूछा और पाया कि यह मात्र अफवाह है । उन्होंने कहा कि राज्य में अगले छह महीने के लिए नमक का पर्याप्त भंडार है ।
वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के मुताबिक राज्य की राजधानी शिलांग, तुरा, जोवाई और नोंगस्टोइन में कृत्रिम संकट पैदा किया गया है । इससे निपटने के लिए उपायुक्तों को निर्देश दिए गए कि स्थिति का जायजा लें और आवश्यक घोषणाएं करें ।
पुलिस ने कहा कि नमक की कमी की अफवाह जैसे ही फैली वैसे ही खुदरा विक्रेताओं ने आपूर्ति बंद कर दी । शिलांग में खुदरा दुकानदारों ने 150 रूपये प्रति किलोग्राम नमक अवैध रूप से बेचने का प्रयास किया ।
राज्य में पुलिस ने उन डीलरों और खुदरा दुकानदारों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई शुरू की जिन्होंने स्थिति का फायदा उठाने का प्रयास किया ।
पुलिस ने कहा कि कई लोगों को गिरफ्तार किया गया और इस बारे में पूरी रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है ।
भाषा