14 मई की सुबह शेयर बाजार अच्छे मूड में खुलने की उम्मीद है। GIFT निफ्टी फ्यूचर्स में करीब 90 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है और यह 24,730 के करीब कारोबार कर रहा है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि भारतीय शेयर बाज़ार की शुरुआत हरे निशान में हो सकती है। हालांकि, एक दिन पहले मंगलवार को बाज़ार में ज़बरदस्त गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 1,281 अंक गिरकर 81,148 पर और निफ्टी 346 अंक गिरकर 24,578 के स्तर पर बंद हुआ था। ऐसे में आज की रिकवरी निवेशकों के लिए राहत का संकेत हो सकती है।
बाजार की दिशा आज कई अहम कारकों पर निर्भर करेगी। सबसे पहले तो भारत और अमेरिका के अप्रैल महीने के महंगाई के आंकड़े (CPI डेटा) जारी होने वाले हैं, जो सीधे ब्याज दरों के अनुमान पर असर डाल सकते हैं। इसके अलावा भारत का थोक महंगाई दर (WPI) का डेटा भी आएगा। साथ ही, कंपनियों के तिमाही नतीजों का सीज़न चल रहा है, और आज भी कई बड़ी कंपनियों के परिणाम आने वाले हैं। ग्लोबल फ्रंट पर अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता से जुड़े सकारात्मक संकेतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों से भी बाज़ार की चाल तय होगी।
दुनियाभर के बाज़ारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला है। एशियाई बाजारों में ज्यादातर जगहों पर तेजी देखने को मिली है। जापान का निक्केई पांचवें दिन भी ऊपर खुला, लेकिन थोड़ी देर में हल्की गिरावट के साथ 0.10% नीचे आ गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.55% चढ़ा जबकि ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 लगभग सपाट रहा। अमेरिका के बाजारों में भी हलचल रही। Nasdaq और S&P 500 में बढ़त दर्ज की गई, लेकिन Dow Jones थोड़ा फिसल गया। Nasdaq 1.61% की तेज़ी के साथ 19,010 पर बंद हुआ जबकि S&P 500 में 0.72% की मजबूती रही।
Also Read: Airtel Q4 Results: Q4 में कंपनी को ₹11,022 करोड़ का मुनाफा, 320% के डिविडेंड का भी ऐलान
आज कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे घोषित होने हैं। इनमें Hindustan Aeronautics (HAL), Eicher Motors, Tata Power, Shree Cements, Lupin, Muthoot Finance, Torrent Power, Hitachi Energy India, Berger Paints India, Jubilant Foodworks, Apollo Tyres, Piramal Pharma, Brigade Enterprises जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा कुछ मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियां जैसे Blue Jet Healthcare, eClerx Services, KPI Green Energy, Westlife Foodworld और Graphite India भी अपने तिमाही नतीजे पेश करेंगी।
Tata Motors के नतीजे इस बार कमजोर रहे। चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा करीब 51% घटकर ₹8,556 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹17,528 करोड़ था। हालांकि कंपनी की कुल आय में मामूली बढ़त देखने को मिली और यह ₹121,012 करोड़ रही। वहीं Bharti Airtel ने इस तिमाही में शानदार नतीजे दिए हैं। कंपनी का मुनाफा 432% उछलकर ₹11,022 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹2,071 करोड़ था। कंपनी की आय भी 27% बढ़कर ₹47,876 करोड़ रही। Airtel की सब्सिडियरी Bharti Hexacom ने भी बेहतर प्रदर्शन किया और उसका मुनाफा 110% बढ़कर ₹468 करोड़ रहा।
Max Financial की आमदनी सालाना आधार पर 12% बढ़कर ₹32,620 करोड़ रही और निवेश मिलाकर कुल आय ₹46,497 करोड़ पहुंची। कंपनी का शुद्ध लाभ ₹403 करोड़ रहा।
GSK Pharma ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। कंपनी का तिमाही मुनाफा ₹260 करोड़ रहा और पूरे साल का मुनाफा ₹915 करोड़ तक पहुंच गया, जिसमें 32% की बढ़त दर्ज हुई। कंपनी ने ₹42 प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड भी घोषित किया।
Aditya Birla Capital ने इस बार कमजोर नतीजे दिए हैं। कंपनी का मुनाफा 30% गिरकर ₹885 करोड़ रह गया, हालांकि उसकी कुल आय 13% बढ़कर ₹12,214 करोड़ रही।
Siemens का मुनाफा 27% घटकर ₹582 करोड़ रह गया, जिसकी मुख्य वजह पिछले साल के एक बार के फायदे और इस बार डिमर्जर से जुड़े खर्च हैं।
Honeywell Automation की आय 17% बढ़कर ₹1,114 करोड़ रही, लेकिन मुनाफा 5% घटकर ₹140 करोड़ हो गया। Ebitda और मार्जिन में भी गिरावट दर्ज की गई।
Metropolis Healthcare की आमदनी बढ़ी, लेकिन मुनाफा 19% घटकर ₹29 करोड़ रह गया।
VIP Industries ने इस तिमाही में ₹27.4 करोड़ का घाटा दर्ज किया, जबकि पिछली तिमाही में ₹23.9 करोड़ का घाटा था।
ITD Cementation ने अच्छा प्रदर्शन किया और उसका मुनाफा 27% बढ़कर ₹113.6 करोड़ हो गया।
Garden Reach Shipbuilders का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। कंपनी का मुनाफा 119% बढ़कर ₹244 करोड़ हो गया और उसकी आय में 61% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।