अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को गिरावट आई। समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर लगभग सात प्रतिशत तक गिर गया।
हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले में अदाणी समूह की तरफ से अमेरिकी निवेशकों को दिये गये प्रतिवेदनों पर अमेरिकी अधिकारियों के गौर करने की रिपोर्ट के बाद शेयरों में गिरावट आई।
अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में अदाणी समूह पर शेयरों के भाव में हेराफेरी और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि समूह ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है।
BSE में अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 6.79 प्रतिशत, अदाणी ट्रांसमिशन का शेयर 6.38 प्रतिशत, अदाणी पावर का शेयर 5.61 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट का शेयर 4.19 प्रतिशत गिर गया। अदाणी पोर्ट्स का शेयर 4.16 प्रतिशत, NDTV का शेयर 3.46 प्रतिशत, ACC का शेयर 3.46 प्रतिशत, अदाणी विल्मर का शेयर 3.42 प्रतिशत, अदाणी टोटल गैस का शेयर 3.21 प्रतिशत और अदाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 1.50 प्रतिशत गिर गया।
Also read: कुल खर्च अनुपात पर Sebi से मदद मांग रहे फंड डिस्ट्रीब्यूटर
शेयर बाजार मे 30 शेयर वाले BSE पर सेंसेक्स 259.52 अंक या 0.51 प्रतिशत गिरकर 62,979.37 पर बंद हुआ।
HDFC Securities के रिटेल शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘बाजार में मुनाफावसूली के बीच अदाणी समूह के शेयर शुक्रवार को बिकवाली के दबाव में आ गए। समूह के शेयरों में गिरावट का एक अतिरिक्त कारण हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी समूह के संबंध में अमेरिका में नियामकीय जांच की खबर थी।’