बाजारों ने पूरे सप्ताह खबरों पर प्रतिक्रिया की और अस्थिर बने रहे। कोटक महिंद्रा ऐसेट मैनेजमेंट के अध्यक्ष और मुख्य निवेश अधिकारी हर्ष उपाध्याय ने पुनीत वाधवा को ईमेल इंटरव्यू में बताया कि बाजारों को सार्थक रूप से ऊपर ले जाने की संभावना मजबूत आय वाले क्षेत्रों में दिख रही है, न कि उन सेक्टरों से जो पूरी तरह से री-रेटिंग पर निर्भर हैं। उनसे बातचीत के अंश:
क्या मौजूदा भू-राजनीतिक हालात ने निवेश को लेकर आपकी प्राथमिकता बदली है?
भू-राजनीति या किसी भी घटना पर हम आमतौर पर खबरों के आधार पर ट्रेडिंग से बचते हैं। हम पूछते हैं, ‘क्या इससे कमाई की दिशा और फंडामेंटल्स में बदलाव हो रहा है?’ यदि हां, तो हम धीरे-धीरे निवेश को समायोजित करते हैं। हम वहां कटौती करते हैं जहां मूल्यांकन फंडामेंटल से ज्यादा हो जाते हैं और तब निवेश बढ़ाते हैं जब ज्यादा प्रीमियम दिए बिना कमाई की संभावना ज्यादा स्पष्ट होती है।
क्या सबसे बुरा दौर निकल गया है?
हम बहुत भरोसे के साथ यह कहने से बच रहे हैं कि ‘सबसे बुरा दौर खत्म हो गया है’, क्योंकि बाजार शायद ही कभी यह इस बारे में स्पष्टता देते हैं। फिर भी, अल्पावधि नकारात्मक बातों का अच्छा हिस्सा बेहतर ढंग से समझ आ गया है और कुछ हद तक कीमतों में इसका असर दिखता है। मौजूदा स्तर पर बाजार अर्थव्यवस्था के कुछ हिस्सों के लिए अल्पावधि आय वृद्धि में नरमी, कोविड के बाद के समय की तुलना में कम मार्जिन वाली अनुकूलता को ध्यान में रख रहा है।
कौन से क्षेत्र आय में सुधार को बढ़ावा दे सकते हैं?
ऐसे संभावित क्षेत्रों में फाइनैंशियल शामिल होगा जिसमें वृद्धि मजबूत होने लगी है और परिसंपत्ति गुणवत्ता स्थिर बनी हुई है। ब्याज दरें स्थिर रहेंगी, जिसका मतलब है कि ब्याज मार्जिन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। औद्योगिक/ पूंजीगत वस्तु/ इंजीनियरिंग में पूंजीगत खर्च जारी है और क्रियान्वयन की रफ्तार मजबूत बनी हुई है। खपत से जुड़े कुछ खास दांवों पर ध्यान दिया जा सकता है, जिनमें उत्पादन लागत से जुड़ी अथिरता कम हुई है। ऑटो और एंसिलरीज समूह में भी बिक्री वृद्धि और उत्पाद मिश्रण अनुकूल बने हुए हैं।
स्मॉल ऐंड मिडकैप पर आपकी क्या राय है?
इस सेगमेंट में कुछ शानदार कारोबार हैं लेकिन मूल्यांकन और तरलता का जोखिम भी अधिक है। मजबूत अवधि के बाद इसे साबित करने का जिम्मा कमाई पर आ जाता है। यदि कमाई की रिकवरी व्यापक होती है और बनी रहती है, तो अच्छी गुणवत्ता वाली छोटी और मझोली कंपनियां संभवतः बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।
क्या वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही की कमाई से आपको अगले वित्त वर्ष के बारे में भरोसा मिलता है?
तीसरी तिमाही ने मोटे तौर पर दो बातों को पुष्ट किया। पहला, फैलाव अधिक है और दूसरा, कमाई में वृद्धि का अगला चरण इस बात पर निर्भर करता है कि बिक्री और पूंजीगत खर्च की गति बनी रहती है या नहीं। एक तिमाही नए आय चक्र की घोषणा के लिए पर्याप्त नहीं है, लेकिन यह इस बारे में अधिक आंकड़े रूर देती है कि कौन से सेक्टर स्थिर हो रहे हैं और कहां मार्जिन/वॉल्यूम बदल रहे हैं।
क्या नए व्यापार करार से आय में सुधार होगा?
व्यापार समझौतों की वजह से छोटी और मझोली कंपनियों के लिए लाभ परोक्ष और असमान हो सकते हैं।
(डिस्क्लोजर: कोटक परिवार के नियंत्रण वाली इकाइयों की बिजनेस स्टैंडर्ड प्राइवेट लिमिटेड में बड़ी हिस्सेदारी है)