म्युचुअल फंड

जनवरी में प्राइवेट बैंकों के शेयरों पर म्युचुअल फंड्स का बड़ा दांव, HDFC और ICICI बैंक पहली पसंद

जनवरी के महीने में म्युचुअल फंड्स द्वारा की गई कुल इक्विटी खरीदारी में इन तीनों बैंकों की हिस्सेदारी 45 फीसदी रही

Published by
अभिषेक कुमार   
Last Updated- February 17, 2026 | 8:39 PM IST

जनवरी में शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस दौरान म्युचुअल फंड कंपनियों ने प्राइवेट बैंकों के शेयरों में जमकर पैसा लगाया। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के एक एनालिसिस के मुताबिक, HDFC बैंक और ICICI बैंक म्युचुअल फंड्स की पहली पसंद रहे। जनवरी में इन दोनों बैंकों के करीब 15,400 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे गए। टॉप-5 की लिस्ट में कोटक महिंद्रा बैंक भी शामिल रहा, जिसमें करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश हुआ।

MFs ने शेयरों में झोंके ₹40,514 करोड़

जनवरी के महीने में म्युचुअल फंड्स द्वारा की गई कुल इक्विटी खरीदारी में इन तीनों बैंकों की हिस्सेदारी 45 फीसदी रही। सेबी के आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने म्युचुअल फंड्स ने शेयरों में कुल 40,514 करोड़ रुपये का निवेश किया था। नुवामा के एनालिसिस से यह भी पता चला है कि पिछले तीन महीनों के दौरान म्युचुअल फंड स्कीमों द्वारा सबसे ज्यादा खरीदे गए शेयरों में ये तीनों बैंकिंग स्टॉक्स टॉप पर रहे हैं।

Also Read: PSU Banks पर म्युचुअल फंड्स बुलिश, जनवरी में निवेश 3 साल के हाई पर; SBI को सबसे ज्यादा फायदा

प्राइवेट बैंकों पर MFs क्यों बुलिश?

प्राइवेट बैंक के शेयरों, खासकर HDFC बैंक जैसे बड़े नामों में निवेशकों की दिलचस्पी फिर से बढ़ गई है। इसकी मुख्य वजह यह है कि कोरोना के बाद के समय में इन शेयरों की चाल धीमी रही, जिससे इनकी कीमतें (वैलुएशन) अब आकर्षक हो गई हैं। साल 2025 में सरकारी बैंकों के मुकाबले प्राइवेट बैंकों का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा था, जिसके बाद अब इनमें सुधार देखा जा रहा है।

जनवरी में MFs ने और क्या खरीदा-बेचा?

जनवरी में इन तीन बैंकों के अलावा बायोकॉन (Biocon) और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी निवेशकों ने काफी खरीदारी की। वहीं दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, MCX, वेदांता, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और पॉलीकैब उन शेयरों में शामिल रहे जिन्हें सबसे ज्यादा बेचा गया।

मिडकैप और स्मॉलकैप कैटेगरी में, जनवरी के दौरान म्युचुअल फंड्स ने सबसे ज्यादा निवेश अमागी मीडिया लैब्स, शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज, आवास फाइनेंसियर्स, एम्बर एंटरप्राइजेज और डालमिया भारत में किया।

First Published : February 17, 2026 | 8:39 PM IST