आपका पैसा

‘बाजार में आने वाला है अब तक का सबसे बड़ा जायंट क्रैश’, रॉबर्ट कियोसाकी की बड़ी चेतावनी

कियोसाकी ने बाजार में बड़ी गिरावट की चेतावनी देते हुए इसे तैयारी करने वालों के लिए मौका बताया और कहा कि वे सोना, चांदी व बिटकॉइन में गिरावट पर खरीदारी बढ़ाएंगे

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- February 17, 2026 | 8:04 PM IST

मशहूर किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक और फाइनेंशियल एडवाइजर रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर निवेशकों को बड़ा अलर्ट दिया है। उन्होंने कहा है कि शेयर बाजार में ‘जायंट क्रैश’ यानी बहुत बड़ी गिरावट जल्द आने वाली है। यह बात उन्होंने 17 फरवरी को अपने एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट की।

कियोसाकी ने लिखा, “मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं। मेरी 2013 में आई किताब ‘रिच डैड्स प्रोफेसी’ में मैंने कहा था कि इतिहास का सबसे बड़ा शेयर बाजार क्रैश आने वाला है। वो जायंट क्रैश अब बहुत करीब है। अच्छी बात ये है कि जिन लोगों ने मेरे ‘रिच डैड’ की चेतावनी मानी और तैयारी की, उनके लिए ये क्रैश सबसे बड़ा मौका साबित होगा। वो इससे कहीं ज्यादा अमीर बन जाएंगे, जितना उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा। लेकिन जो तैयार नहीं हैं, उनके लिए ये सबसे बुरा सपना बन जाएगा।”

क्रैश को मौका मानकर अमीर बनने का प्लान

कियोसाकी पिछले साल भी कई बार बाजार में बड़ी गिरावट की चेतावनी दे चुके हैं। उनका कहना है कि मौजूदा आर्थिक स्थिति नकली धन, बहुत ज्यादा कर्ज और कमजोर होती पेंशन व्यवस्था पर टिकी है, इसलिए यह एक बड़ा गुब्बारा है जो कभी भी फट सकता है।

अपनी नई पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह इस गिरावट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह सोना, चांदी, इथेरियम और बिटकॉइन में पैसा लगाया हुआ है। उनके मुताबिक वे किसी भी तरह के नकली सोने, चांदी या बिटकॉइन में नहीं, बल्कि असली संपत्तियों में निवेश करते हैं।

Also Read: ‘सोना-चांदी-बिटकॉइन की गिरती कीमतें एक बड़ा मौका’, रॉबर्ट कियोसाकी ने निवेशकों से ऐसा क्यों कहा?

कियोसाकी दावा करते हैं, “मैं बिटकॉइन को लेकर बहुत भरोसे में हूं। इसकी कीमत जितनी गिरेगी, मैं उतना ही ज्यादा खरीदूंगा। क्योंकि बिटकॉइन की कुल संख्या सिर्फ 21 मिलियन तय है और लगभग उतने ही बाजार में आ चुके हैं।”

उन्होंने लिखा कि जब लोग डर से बेचेंगे, तो वो और बिटकॉइन खरीदेंगे। कियोसाकी कहते हैं, “मार्केट क्रैश में कीमती एसेट्स सस्ते में मिल जाते हैं। ये क्रैश आपको अमीर बनाने का सबसे अच्छा टाइम हो सकता है, बशर्ते आप समझें कि क्रैश अमीर बनने के बेस्ट मौके होते हैं।”

सोने-चांदी की गिरती कीमत को बताया बड़ा मौका

कियोसाकी ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर सोने-चांदी की गिरती कीमत को भी निवेशकों के लिए बड़ा मौका बताया था। उन्होंने कहा था कि जब वॉलमार्ट जैसे स्टोर्स में सेल लगते हैं, तो गरीब लोग झट से खरीदने दौड़ पड़ते हैं। लेकिन जब शेयर बाजार या फाइनेंशियल एसेट्स में गिरावट आती है, यानी क्रैश होता है, तो वही लोग डरकर सब बेचकर भाग जाते हैं। वहीं, अमीर लोग ऐसी स्थिति में और ज्यादा खरीदारी करते हैं।

कियोसाकी ने इस बात को मौजूदा समय से जोड़ा, जहां कीमती धातुओं और क्रिप्टो में गिरावट आई है। उन्होंने इसे ‘सेल’ का नाम दिया और कहा कि वह नकदी लेकर इंतजार कर रहे हैं, ताकि सस्ते दाम पर और ज्यादा गोल्ड, सिल्वर और बिटकॉइन खरीद सकें।

First Published : February 17, 2026 | 8:04 PM IST