आपका पैसा

Post Office Scheme: 115 महीनों में गारंटीड डबल रिटर्न, पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम में खुलता है जॉइंट अकाउंट भी

पोस्ट ऑफिस की योजना में 7.5 प्रतिशत सालाना चक्रवृद्धि ब्याज के साथ 115 महीनों में निवेश राशि दोगुनी हो सकती है, जिसकी शुरुआत सिर्फ 1000 रुपये से की जा सकती है।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- February 17, 2026 | 3:43 PM IST

Post Office Scheme: अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ गारंटीड रिटर्न चाहते हैं और ऐसी योजना की तलाश में हैं जिसमें जोखिम बेहद कम हो, तो पोस्ट ऑफिस की एक खास स्कीम आपके लिए बेहतर विकल्प बन सकती है। यह योजना आपकी जमा राशि को निश्चित अवधि में दोगुना कर देती है। सबसे खास बात यह है कि इसमें सिर्फ 1000 रुपये से भी निवेश की शुरुआत की जा सकती है।

कौन सी है यह योजना?

हम बात कर रहे हैं किसान विकास पत्र योजना की। यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक स्मॉल सेविंग स्कीम है, जिसे लंबे समय के लिए सुरक्षित निवेश के रूप में जाना जाता है। इस योजना में निवेश की गई राशि तय समय के बाद दोगुनी हो जाती है और रिटर्न सरकार द्वारा निर्धारित ब्याज दर के अनुसार मिलता है।

ब्याज दर और पैसा दोगुना होने की अवधि

वर्तमान में किसान विकास पत्र पर 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर मिल रही है, जो सालाना आधार पर चक्रवृद्धि रूप से जोड़ी जाती है। इसी ब्याज दर के आधार पर निवेश की गई राशि 115 महीने में दोगुनी हो जाती है। यानी करीब 9 साल 7 महीने में आपका पैसा डबल हो सकता है। यह अवधि और ब्याज दर समय समय पर सरकार द्वारा संशोधित की जा सकती है।

योजना की शुरुआत और उद्देश्य

किसान विकास पत्र की शुरुआत वर्ष 1988 में की गई थी। बाद में इसे कुछ समय के लिए बंद किया गया और वर्ष 2014 में दोबारा लागू किया गया। इस योजना का मकसद लोगों में बचत की आदत को बढ़ावा देना और सुरक्षित निवेश का विकल्प उपलब्ध कराना है।

कितना कर सकते हैं निवेश?

इस योजना में न्यूनतम निवेश 1000 रुपये से शुरू होता है। इसके बाद 100 रुपये के गुणांक में कितनी भी राशि जमा की जा सकती है। अधिकतम निवेश की कोई सीमा तय नहीं है। निवेश की गई राशि पर लागू ब्याज दर के अनुसार मैच्योरिटी पर दोगुनी रकम प्राप्त होती है।

कौन खोल सकता है खाता?

कोई भी भारतीय नागरिक किसान विकास पत्र में निवेश कर सकता है। इसमें सिंगल अकाउंट के अलावा जॉइंट अकाउंट की सुविधा भी उपलब्ध है। नाबालिग के नाम से भी खाता खोला जा सकता है, जिसे उसका अभिभावक संचालित करता है।

जॉइंट अकाउंट के प्रकार

इस योजना में दो प्रकार के संयुक्त खाते खोले जा सकते हैं। पहला है जॉइंट ए अकाउंट, जिसमें सभी खाताधारकों की सहमति और हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। किसी एक खाताधारक के निधन की स्थिति में बाकी सदस्य मिलकर खाते का संचालन कर सकते हैं।

Also Read | PM Kisan 22वीं किस्त पर बड़ा अपडेट, करोड़ों किसानों को होली से पहले हो सकता है फायदा

दूसरा है जॉइंट बी अकाउंट, जिसमें किसी एक खाताधारक को भी खाते का संचालन करने का अधिकार होता है। यदि किसी एक सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो शेष सदस्य अलग अलग भी खाते को संचालित कर सकते हैं।

कहां से खरीद सकते हैं?

किसान विकास पत्र देशभर के पोस्ट ऑफिस और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में उपलब्ध है। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आसानी से खाता खोला जा सकता है।

किन लोगों के लिए फायदेमंद?

जो निवेशक शेयर बाजार के जोखिम से दूर रहना चाहते हैं और निश्चित रिटर्न चाहते हैं, उनके लिए यह योजना उपयुक्त है। लंबी अवधि के निवेश और सुरक्षित रिटर्न की चाह रखने वालों के लिए किसान विकास पत्र एक भरोसेमंद विकल्प माना जाता है।

यदि आप कम राशि से निवेश शुरू कर भविष्य में तय समय पर दोगुनी रकम पाना चाहते हैं, तो यह स्कीम आपके लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

First Published : February 17, 2026 | 3:43 PM IST