Gaudium IVF IPO: फर्टिलिटी से जुड़ी सर्विसेज प्रोवाइड करने वाली कंपनी गौडियम आईवीएफ और वूमेन हेल्थ का आईपीओ खुलने के लिए तैयार है। निवेशकों 20 फरवरी से इश्यू के लिए अप्लाई कर सकेंगे। इस बीच, कंपनी ने अपने इश्यू के लिए प्राइस बैंड का एलान कर दिया है। यह 75- 79 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।
गौडियम आईवीएफ का 165 करोड़ रुपये का आईपीओ दो हिस्सों में बंटा है। इसमें 90 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है जिसके तहत करीब 1.13 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किये जाएंगे। होंगे। इसके अलावा 75 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल (OFS) भी होगा, जिसमें करीब 94.9 लाख इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे। ऑफर फॉर सेल के तहत प्रमोटर मानिका खन्ना अपनी हिस्सेदारी के शेयर बेचेंगी।
साल 2015 में शुरू हुई गौडियम आईवीएफ और वूमेन हेल्थ भारत में फर्टिलाइजेशन के इलाज का काम करती है। कंपनी देशभर में 30 से ज्यादा जगहों पर काम कर रही है, जिनमें 7 बड़े केंद्र और 28 छोटे केंद्र शामिल हैं। कंपनी कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका, केन्या, साउथ अफ्रीका और ओमान जैसे देशों के सर्विस प्रोवाइड करती है।
कंपनी फर्टिलाइजेशन से जुड़ी खास सेवाएं देती है, जिनमें शरीर के बाहर फर्टिलाइजेशन प्रोसेस, यूटेरस के अंदर स्पर्म डालने की प्रक्रिया और अंडोत्सर्जन बढ़ाने का इलाज शामिल है। गौडियम के बड़े शहरों में केंद्र हैं। दिल्ली में इसके दो केंद्र हैं, जबकि मुंबई, लुधियाना, श्रीनगर, पटना और बेंगलुरु में एक-एक केंद्र मौजूद है।
गौडियम आईवीएफ का आईपीओ 20 फरवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 फरवरी 2026 (मंगलवार) को बंद होगा। शेयरों का अलॉटमेंट 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को तय किया जाएगा। कंपनी के शेयर 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को शेयर बाजार में लिस्ट होंगे।
कंपनी ने 189 शेयरों का एक लॉट तय किया है। यानी रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए कम से कम 14,931 रुपये लगाने होंगे। आईपीओ के लिए रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज है और इस काम को संभालने वाली मुख्य संस्था सार्थी कैपिटल एडवाइजर्स है।
कंपनी के अनुसार, नए शेयर जारी करके मिलने वाले पैसे में से 50 करोड़ रुपये नए आईवीएफ केंद्र खोलने पर खर्च किए जाएंगे। 20 करोड़ रुपये कुछ पुराने कर्ज चुकाने या पहले से चुकाने में इस्तेमाल होंगे। बाकी पैसा कंपनी के सामान्य कामकाज के लिए रखा जाएगा।