म्यूचुअल फंड निवेशकों ने SIP यानी नियमित निवेश योजना के तहत बीते महीने 21,262 करोड़ रुपये लगाए हैं। उद्योग संगठन एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में SIP के जरिये निवेश मई के 20,904 करोड़ रुपये के मुकाबले अधिक है।
AMFI के सीईओ वेंकट चलसानी ने संवाददाताओं से कहा कि SIP के अंतर्गत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (AUM) बढ़कर 12.43 लाख करोड़ रुपये हो गईं। इसका कारण बाजार में तेजी और नया निवेश प्रवाह है। उन्होंने कहा कि जून में कुल 55 लाख नए SIP पंजीकृत हुए। इससे SIP की कुल संख्या बढ़कर 8.98 करोड़ हो गई। वहीं 32.35 लाख SIP खातों की मियाद पूरी हो गयी या उन्हें बंद कर दिया गया।
हालांकि, चलसानी ने यह नहीं बताया कि पूंजी निकासी के बाद शुद्ध रूप से SIP में कितना निवेश हुआ। म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां जून तक 61.33 लाख करोड़ रुपये से अधिक थीं। अग्रिम कर भुगतान के कारण म्यूचुअल फंड की बॉन्ड योजना से पूंजी की निकासी हुई।