कांटे के मुकाबले में राजग आगे

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 9:27 PM IST

बिहार विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती के ताजा आंकड़ों के अनुसार कांटे के मुकाबले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विपक्षी महागठबंधन पर बढ़त बनाए हुए है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार राजग अब तक 10 सीटें जीत चुका है और 114 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की अगुआई में पांच दलों का विपक्षी महागठबंधन 9 सीटें जीत चुका है और 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में जीत का आंकड़ा 122 है और राजग इसके आसपास नजर आ रहा है।
भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है लेकिन जदयू को कई सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट किया है कि राजग में नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात की। सूत्रों के मुताबिक नीतीश के घर पर राजग नेताओं की बैठक चल रही है।
अगर नीतीश फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन पर बेरोजगारी और कोविड की चुनौतियों से कुशलता से निपटने का दबाव होगा।
उधर, रुझानों में पिछडऩे के बावजूद राजद ने दावा किया कि पूरे बिहार से उसके उम्मीदवारों एवं कार्यकर्ताओं से मिली रिपोर्ट से साफ है कि इस चुनाव में महागठबंधन जीत हासिल कर रहा है। हालांकि आंकड़ों से संकेत मिलता है कि राजद सरकार बनाने के करीब नहीं पहुंच पाएगी लेकिन पार्टी को एकजुट बनाए रखने में तेजस्वी यादव जरूर कामयाब रहे हैं। वामपंथी दलों का प्रदर्शन भी उत्साहजनक रहा है और दो अंक में उनकी सीटें आती दिखाई दे रही हैं।
चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने इस बार राजग से अलग चुनाव लड़ा लेकिन सीटों के लिहाज से उसका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा। जानकारों का कहना है कि लोजपा के कारण जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को कई जगहों पर नुकसान उठाना पड़ा है।
बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गणना धीमी रफ्तार से चल रही है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में कुल 7.3 करोड़ मतदाताओं में से 57.09 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था और देर शाम तक दो करोड़ से अधिक मतों की गिनती हो चुकी थी। फिलहाल रुझान में राजग 124 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल करता दिख रहा है जो 243 सदस्यीय विधानसभा में सामान्य बहुमत से एक सीट अधिक है। विपक्षी महागठबंधन 111 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल करता दिख रहा है।

First Published : November 10, 2020 | 11:31 PM IST