Anthropic Claude Iran strike: अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ओर से एआई कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) की आलोचना करने के कुछ घंटों बाद, यूएस मिलिट्री ने कथित तौर पर ईरान पर हमलों में उसकी एआई मॉडल “क्लॉड” का इस्तेमाल किया। यह जानकारी वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यूएस मिलिट्री ने इस एआई सिस्टम का उपयोग खुफिया जानकारी का विश्लेषण करने, संभावित लक्ष्यों की पहचान करने और युद्ध से जुड़े हालात की सिमुलेशन चलाने के लिए किया। अमेरिकी सेना और इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शनिवार तड़के ईरान पर संयुक्त हमला किया। कुछ घंटों बाद ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए, जिसकी पुष्टि रविवार को ईरानी अधिकारियों ने की।
यह हमला उस समय शुरू हुआ जब ट्रंप ने एंथ्रोपिक को “कट्टर वामपंथी और वोक कंपनी” बताया और सभी संघीय एजेंसियों को उसके एआई टूल्स का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया।
ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मैं अमेरिका की हर फेडरल एजेंसी को तुरंत एंथ्रोपिक की तकनीक का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश देता हूं। हमें इसकी जरूरत नहीं है, हम इसे नहीं चाहते और आगे इनके साथ कोई कारोबार नहीं करेंगे। रक्षा विभाग जैसी एजेंसियों को छह महीने का समय दिया जाएगा ताकि वे एंथ्रोपिक के प्रोडक्ट्स का उपयोग बंद कर सकें। अगर एंथ्रोपिक ने सहयोग नहीं किया तो मैं राष्ट्रपति की पूरी ताकत का इस्तेमाल करूंगा, जिसके गंभीर कानूनी परिणाम होंगे।”
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी एंथ्रोपिक पर “अहंकार और विश्वासघात” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के सैनिक बड़ी टेक कंपनियों की विचारधारा के बंधक नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि एंथ्रोपिक अधिकतम छह महीने तक रक्षा विभाग को अपनी सेवाएं देगा, ताकि सहज बदलाव हो सके।
जनवरी में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने की कार्रवाई में भी अमेरिकी सेना ने क्लॉड का इस्तेमाल किया था। इसके बाद एंथ्रोपिक ने आपत्ति जताई थी कि उसके एआई टूल का इस्तेमाल हिंसक उद्देश्यों, हथियार बनाने या बड़े पैमाने पर निगरानी के लिए नहीं होना चाहिए।
सीबीएस न्यूज को दिए इंटरव्यू में एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई ने कहा था कि कंपनी अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ काम करने को तैयार है, बशर्ते यह तय सीमाओं के भीतर हो।
इस बीच, अमेरिकी सरकार और एंथ्रोपिक के बीच बढ़ते तनाव के दौरान, प्रतिद्वंद्वी एआई कंपनी ओपनएआई ने कहा कि उसने रक्षा विभाग के साथ अपने मॉडल तैनात करने का समझौता किया है।
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने रविवार को कहा, “आज रात हमने रक्षा विभाग के साथ समझौता किया है, जिसके तहत हमारे मॉडल उनके सुरक्षित नेटवर्क में तैनात किए जाएंगे। हमारी सभी बातचीत में रक्षा विभाग ने सुरक्षा को गंभीरता से लिया और बेहतर परिणाम के लिए साझेदारी की इच्छा दिखाई। एआई सुरक्षा और इसके लाभों का व्यापक वितरण हमारे मिशन का मूल है।”