facebookmetapixel
Advertisement
SEBI कसेगा शिकंजा! PMS नियमों की होगी बड़ी समीक्षा, जून 2026 तक जारी कर सकता है कंसल्टेशन पेपरचीन में प्राइवेट इक्विटी कंपनियों को निवेश से बाहर निकलने में क्यों हो रही है मुश्किल?Nippon India MF ने उतारा नया डेट फंड, ₹1,000 से निवेश शुरू; किसे लगाना चाहिए पैसा?टाटा बोर्ड मीटिंग से पहले बाजार में सरगर्मी, इन 6 शेयरों में एक्सपर्ट्स ने बताए टारगेट और स्टॉप लॉसDA Hike 2026: क्या होली से पहले बढ़ेगा महंगाई भत्ता? पिछले 5 साल के ट्रेंड्स दे रहे बड़ा संकेतAditya Birla Sun Life MF ने उतारा नया ETF, ₹500 से टॉप-10 प्राइवेट और सरकारी बैंकों में निवेश का मौकाफिर से सोना-चांदी में जोरदार तेजी, एक्सपर्ट बता रहे क्यों निवेशक इन मेटल में लगा रहे पैसाUltra luxury housing-Gurugram: मुंबई को पीछे छोड़ गुरुग्राम ने रचा हाई-एंड हाउसिंग में इतिहासबैंक जाने का झंझट खत्म! कैसे BC Sakhi कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग पहुंच बढ़ाने में कैसे मदद कर रहा हैFASTag के बाद अब GPS से कटेगा टोल, 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव! क्या आपकी लोकेशन होगी ट्रैक?

नए पैंतरों से चमकी लखनऊ की चिकनकारी

Advertisement

कोविड महामारी और पुरानी पड़ चुकी डिजाइन समेत तमाम चुनौतियों को ठेंगा दिखाकर लखनऊ की चिकनकारी फिर देश-विदेश में धूम मचा रही है।

Last Updated- November 04, 2024 | 12:01 AM IST

जंग और टकराव के कारण विदेशी बाजारों में मची उथल-पुथल, कोविड महामारी और पुरानी पड़ चुकी डिजाइन समेत तमाम चुनौतियों को ठेंगा दिखाकर लखनऊ की चिकनकारी एक बार फिर देश-विदेश में धूम मचा रही है। धागे की कारीगरी वाली नवाबी दौर की इस कला में नई पीढ़ी के उद्यमी भी हाथ आजमा रहे हैं। पिछले एक साल में ही लखनऊ में बड़ी तादाद में नई फर्में इस कारोबार में उतर गई हैं।

कारोबार में नई जान कई वजहों से आई है। उद्यमी अब नए अंदाज के कपड़े का इस्तेमाल कर रहे हैं, चिकन की पोशाक पर नए ढंग से कढ़ाई की जा रही है और डिजाइन भी आधुनिक कर दी गई हैं।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने लखनऊ की चिकनकारी को महत्त्वाकांक्षी एक जिला एक उत्पाद योजना (ओडोओपी) में शामिल कर लिया है और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने इसकी बिक्री दोगुनी करा दी है। इन सब वजहों से चिकन की मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ है। आलम यह है कि कभी गर्मियों की पोशाक कहलाने वाले लखनवी चिकन की मांग अब जाड़े के मौसम में भी कम नहीं हो रही।

लखनऊ का चौक इलाका देश में चिकन के कपड़ों का सबसे बड़ा बाजार है। वहां पुराने कारोबारी अजय खन्ना बताते हैं कि पहले इस धंधे में कुछ पुश्तैनी घराने ही थे और नए लोगों की आमद बहुत कम थी। नए लोग अगर आते भी थे तो रिटेल बिक्री तक ही सीमित थे। मगर खन्ना के मुताबिक कोरोना महामारी के बाद चिकनकारी में एक तरह से क्रांति ही हो गई।

सरकार ने चिकनकारी को ओडीओपी में शामिल कर लिया, जिसके बाद बड़ी तादाद में युवा उद्यमी धंधे में उतर गए। ये नए और युवा उद्यमी दुकान चलाने के बजाय अपने ही चिकनकारी के कारखाने चला रहे हैं, जिसमें लोगों और खास तौर पर महिलाओं को बड़ी तादाद में रोजगार दिए जा रहे हैं।

कारखाने बढ़े हैं तो रिटेल दुकानें भी खुलने लगी हैं। खन्ना का दावा है कि पिछले एक साल में ही राजधानी लखनऊ में चिकनकारी की करीब 70 नई दुकानें खुल गई हैं।

लखनऊ के काकोरी इलाके में चिकन का कारखाना चलाने वाले और पैरहन शोरूम के आसिफउल्ला बताते हैं कि इस परंपरागत धंधे में अब काफी प्रयोग हो रहे हैं। उनका कहना है कि पहले चिकन के करीब 80 फीसदी परिधान सूती ही होते थे मगर अब सिल्क, लिनेन, जार्जेट, शिफॉन और खादी के कपड़ों पर भी कढ़ाई की जा रही है। डिजाइन के मामले में भी नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं और पारंपरिक बूटी की जगह नए तरीके अपनाए जा रहे हैं।

बाजार में परिधान देखकर पता लग जाता है कि चिकनकारी अब कुर्ते या कमीज तक ही सीमित नहीं रह गई है बल्कि शॉर्ट कुर्ते-कुर्ती, अद्धी, जैकेट, गाउन और शॉल में भी कढ़ाई की जा रही है।

आसिफ के मुताबिक युवा चिकन उद्यमी आक्रमक तरीके से मार्केटिंग भी कर रहे हैं और आज कम से कम दो दर्जन ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के जरिये अपने उत्पाद बेच रहे हैं। हाल ही में उन्होंने यूरोप के प्रमुख देशों जैसे नीदरलैंड और बेल्जियम में चिकन की कढ़ाई वाले पर्दे और वॉल हैंगिंग भेजे हैं।

चिकन के वस्त्रों के निर्यात की तस्वीर भी युवा उद्यमियों के आने के बाद काफी बदल गई है। खन्ना के मुताबिक पहले दिल्ली व मुंबई के कारोबारी लखनऊ से चिकन के कपड़े लेते थे और उन्हें विदेश भेजते थे। मगर अब आधे से ज्यादा निर्यात सीधे लखनऊ से ही हो रहा है।

लखनऊ चिकन एवं हैंडीक्राफ्ट एसोशिएसन के दीपक कुमार बताते हैं कि पिछले साल लखनऊ से 260 करोड़ रुपये के चिकन वस्त्रों का निर्यात किया गया था और इस बार इसमें 30 से 40 फीसदी इजाफा होने की उम्मीद है। उनका कहना है कि इस बार निर्यात का आंकड़ा 350 करोड़ रुपये के पार चला जाएगा मगर इसमें लखनऊ से सीधे होने वाले निर्यात के साथ मुंबई और दिल्ली के जरिये होने वाला निर्यात भी शामिल है।

दीपक बताते हैं कि पहले चिकन का सीजन होली से शुरू होकर दीवाली तक चलता था मगर अब बारहों महीने इसकी मांग बनी रहती है। गर्मियों में कुर्ते, कमीज और अद्धी की मांग ज्यादा रहती है और सर्दियों में साड़ी, शॉल तथा जैकेट की बिक्री शबाब पर दिखती है। निर्यात की बात करें तो रमजान के महीने में खाड़ी देशों को सबसे ज्यादा माल जाता है और नवंबर से जनवरी तक यूरोप के देशों और अमेरिका में इसकी ज्यादा मांग रहती है।

नई किस्म के कपड़ों पर नई डिजाइन की चिकनकारी शुरू होने के कारण कीमत बढ़ने की बात पर खन्ना कहते हैं कि लखनऊ के चिकनकारी के बाजार में हर तरह के ग्राहक के लिए माल मौजूद है। सिल्क और लिनेन पर हाथ की चिकनकारी का काम होता है, जो महंगा पड़ता है। इसलिए उसमें से ज्यादातर माल निर्यात हो जाता है। मगर मध्यम व निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए आज भी सूती चिकन के कुर्ते व कमीज 100 से 200 रुपये तक में मिल जाते हैं।

Advertisement
First Published - November 4, 2024 | 12:01 AM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement