भारत

फिल्म ‘मैं अटल हूं’ इस दिन होगी रिलीज, पंकज त्रिपाठी ने कहा- अटल बिहारी वाजपेयी दिलदार, फौलादी, एक बहुमुखी कवि

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता त्रिपाठी ने 'सोशल मीडिया मंच' इंस्टाग्राम पर यह घोषणा करते हुए फिल्म के एक नए पोस्टर का भी अनावरण किया।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 28, 2023 | 3:38 PM IST

अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मंगलवार को घोषणा की है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित उनकी आगामी फिल्म ‘मैं अटल हूं’ 19 जनवरी, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता त्रिपाठी ने ‘सोशल मीडिया मंच’ इंस्टाग्राम पर यह घोषणा करते हुए फिल्म के एक नए पोस्टर का भी अनावरण किया।

त्रिपाठी ने लिखा, ‘दिलदार, फौलादी, एक बहुमुखी कवि, नए भारत का स्वप्नदृष्टा दूरदर्शी व्यक्ति। श्री अटल बिहारी वाजपेयी की कहानी ‘मैं अटल हूं’ 19 जनवरी, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।’

फिल्म निर्माता रवि जाधव ने इस फिल्म का निर्देशन किया है जो ‘नटरंग’ और ‘बालगंधर्व’ जैसी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इसकी पटकथा उत्कर्ष नैथानी ने लिखी है।

‘मैं अटल हूं’ फिल्म का निर्माण विनोद भानुशाली, संदीप सिंह और कमलेश भानुशाली ने किया है। वहीं, भावेश भानुशाली और सैम खान फिल्म के सह-निर्माता हैं।

First Published : November 28, 2023 | 3:21 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)