Representative Image
ट्रेन में सफर अब यात्रियों के लिए और आरामदायक हो जाएगा। रेलवे ने ऐलान किया कि यात्रियों को अब अल्ट्रा-सॉफ्ट, सांस लेने में आसान और लंबे समय तक टिकने वाला लिनन दिया जाएगा। फिलहाल, रेलवे एसी क्लास के यात्रियों को बिस्तर और कंबल उपलब्ध कराता है, लेकिन कई बार यात्री शिकायत करते हैं कि ये कंफर्टेबल नहीं होते और इनमें सांस लेने में दिक्कत होती है।
उत्तर रेलवे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि रेल यात्रियों के सफर को और अधिक आरामदायक बनाने के लिए रेलवे ने नया प्रीमियम अल्ट्रा सॉफ्ट लिनन पेश किया है, जो सांस लेने में आरामदायक और लंबे समय तक टिकाऊ है।
रेलवे के मुताबिक, इस लिनन को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के साथ मिलकर भारतीय रेलवे ने अच्छी तरह से रिसर्च और डेवलपमेंट के बाद डिजाइन किया है। इसे विश्व प्रसिद्ध ब्रांडों द्वारा तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक आराम और सुखद यात्रा का अनुभव मिलेगा।
यहां शुरू हुआ इस्तेमाल
रेलवे के अनुसार, आज यानी 14 अगस्त से रांची राजधानी एक्सप्रेस में इस लिनेन का इस्तेमाल शुरू हो गया है, और 17 अगस्त से इसे बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस में भी शुरू किया जाएगा। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर दिया जा रहा है, और यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर ही इसे आगे बढ़ाया जाएगा।