नोएडा में 230 एकड़ में फैले अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी डेवलपमेंट के पहले फेज में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 10,000 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने का अनुमान है। इस बात की जानकारी रियल एस्टेट कंसल्टेंसी CBRE ने बुधवार को दी।
CBRE ने हालिया बोली पर उत्तर प्रदेश सरकार को सलाह देते हुए कहा कि आगामी जेवर हवाई अड्डे के पास सेक्टर 21 में प्रोजेक्ट के पहले फेज की लागत लगभग 1,510 करोड़ रुपये होगी।
पिछले महीने, फिल्म निर्माता बोनी कपूर और रियल एस्टेट डेवलपर भूटानी ग्रुप द्वारा समर्थित Bayview प्रोजेक्ट्स ने अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी को विकसित करने का कॉन्ट्रैक्ट जीता था।
इस बात की घोषणा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा की गई थी। बोली में अन्य हिस्सा लेने वालों में अक्षय कुमार और टी-सीरीज़ द्वारा समर्थित कंपनियां शामिल थीं।
राज्य सरकार को सबसे ज्यादा रेवेन्यू शेयर हिस्सेदारी ऑफर करने वाले डेवलपर को ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के लिए चुना गया था। 230 एकड़ की इस जगह में फिल्म बनाने के लिए, पोस्ट-प्रोडक्शन, अतिथि, रिटेल शॉप, फूड व अन्य चीजों के लिए जगह आवंटित की गई है। यहां मीडिया ऑफिस भी होंगे।
CBRE ने कहा कि प्रोजेक्ट में 90 साल की रियायत अवधि है, जिसमें विजेता बोली लगाने वाला YEIDA के साथ रेवेन्यू शेयर करेगा।
सितंबर 2020 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वीकृत, 1,000 एकड़ की प्रोजेक्ट अब सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है। प्रोजेक्ट मंजूरी बैठक के दौरान आदित्यनाथ ने भारतीय सिनेमा के लिए इस नए फेज के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने आगे कहा, “राज्य सरकार पूरा सहयोग देगी। आइए अपनी भारतीय पहचान को अपनाएं। इस मानसिकता के साथ काम करने पर यूपी सरकार से पूरा सहयोग मिलेगा।”
प्रोजेक्ट को 2021 और 2022 में पिछले दो बोली राउंड में बोलीदाताओं को आकर्षित करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ा, संभवतः बहुत ज्यादा निवेश और प्रतिबंधात्मक शर्तों के कारण।
तीसरे बोली राउंड से पहले इन शर्तों को कई बार एडजस्ट किया गया था। प्रोजेक्ट के लिए बोली का तीसरा दौर 30 सितंबर, 2023 को शुरू हुआ, जिसकी समय सीमा 5 जनवरी, 2024 थी।