भारत में एमपॉक्स वायरस के क्लेड1 स्ट्रेन से पीडि़त पहला मरीज केरल में मिला है। पिछले सप्ताह एमपॉक्स के जिस स्वरूप (स्ट्रेन) के मरीज की पुष्टि हुई है, उसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अफ्रीका में मामले बढ़ने के बाद सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। सूत्रों ने बताया कि मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मलप्पुरम निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति को ‘क्लेड 1बी स्ट्रेन’ से संक्रमण का पता चला है। पीडि़त व्यक्ति हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात से लौटा है और पिछले सप्ताह ही उसमें एमपॉक्स की पुष्टि हुई है।
एमपॉक्स या मंकीपॉक्स पशुओं से मानव में फैलने वाली बीमारी है, जो प्रभावित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने पर संक्रमित कर सकती है। केरल में मिला एमपॉक्स का मरीज देश में दूसरा मामला है। इससे पहले दिल्ली में एक व्यक्ति (26 वर्षीय) एमपॉक्स से संक्रमित पाया गया था, जो हिसार का रहने वाला है। वह अफ्रीकन क्लेड2 स्ट्रेन से पीडि़त पाया गया था।
हालांकि यह स्ट्रेन विश्व स्वास्थ्य संगठन के चेतावनी सूची में शामिल नहीं है। सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली के अस्पताल में भर्ती इस मरीज को शनिवार को छुट्टी दे दी गई।