Representative Image
Delhi Weather Today: मौसम विभाग ने कहा है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर में दिखने लगा है और तापमान में गिरावट जारी रहेगी। राजधानी में दिन के समय भी ठंडक महसूस हो रही है और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 8°C तक पहुंच सकता है।
आईएमडी के अनुमान के मुताबिक 20 से 24 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 24°C से 28°C के बीच रहेगा। वहीं सुबह के समय कोहरा और धुंध बन सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है।
बुधवार सुबह (19 नवंबर) के लिए मौसम विभाग ने कोहरे व धुंध की आशंका जताई है। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान लगभग 10°C और अधिकतम तापमान लगभग 26°C रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई दिख रही है, लेकिन तकनीकी मानकों के अनुसार आधिकारिक शीतलहर की घोषणा नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण आपातकाल, AQI 600 पार; GRAP स्टेज 4 से कड़े नियम लागू
बीते मंगलवार को रिकॉर्ड किए गए तापमान में न्यूनतम 9.6°C और अधिकतम 26.4°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 1.4°C कम था। हवा की आद्रता अधिकतम 100% और न्यूनतम 48% रही। आया नगर इलाका सबसे ठंडा रहा। वहां न्यूनतम तापमान 9.3°C मापा गया।
आईएमडी ने बताया है कि 20-24 नवंबर के बीच आकाश साफ रहेगा। सुबह हल्का कोहरा रह सकता है और हवाएं उत्तर या उत्तर-पूर्व की ओर 5-10 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। 23-24 नवंबर को हवा उत्तर-पश्चिम की तरफ मुड़ सकती है, लेकिन इससे मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
नागरिकों से अनुरोध है कि सुबह और देर शाम की ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े पहनें और यात्रा के दौरान धुंध के कारण सावधानी बरतें।