facebookmetapixel
Advertisement
तेल, रुपये और यील्ड का दबाव: पश्चिम एशिया संकट से बढ़ी अस्थिरता, लंबी अनिश्चितता के संकेतवैश्विक चुनातियों के बावजूद भारतीय ऑफिस मार्केट ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 15% इजाफाJio IPO: DRHP दाखिल करने की तैयारी तेज, OFS के जरिए 2.5% हिस्सेदारी बिकने की संभावनाडेटा सेंटर कारोबार में अदाणी का बड़ा दांव, Meta और Google से बातचीतभारत में माइक्रो ड्रामा बाजार का तेजी से विस्तार, 2030 तक 4.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमानआध्यात्मिक पर्यटन में भारत सबसे आगे, एशिया में भारतीय यात्रियों की रुचि सबसे अधिकबांग्लादेश: चुनौतियों के बीच आजादी का जश्न, अर्थव्यवस्था और महंगाई बनी बड़ी चुनौतीपश्चिम एशिया संकट के बीच भारत सतर्क, रणनीतिक तेल भंडार विस्तार प्रक्रिया तेजGST कटौती से बढ़ी मांग, ऑटो और ट्रैक्टर बिक्री में उछाल: सीतारमणसरकार का बड़ा फैसला: पीएनजी नेटवर्क वाले इलाकों में नहीं मिलेगा एलपीजी सिलिंडर

RBI Monetary Policy: 3 दिसंबर से होने वाली बैठक में रीपो रेट में कटौती होगी या फिर रहेंगे स्थिर??

Advertisement

RBI द्वारा दिसंबर 2025 की MPC बैठक में रेपो रेट पर निर्णय लिया जाएगा और ब्याज दरों में कटौती या स्थिरता पर फैसला होगा

Last Updated- November 30, 2025 | 4:27 PM IST
Reserve Bank of India (RBI)
प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 3 से 5 दिसंबर तक होने वाली है। 5 दिसंबर को गवर्नर संजय मल्होत्रा फैसला सुनाएंगे कि रीपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती होगी या फिर मौजूदा 5.5 फीसदी पर ही रुकेंगे। बाजार और अर्थशास्त्रियों के बीच इस बार राय बिल्कुल बंटी हुई है। कोई कह रहा है महंगाई बहुत नीचे चली गई है, कटौती बनती है। वहीं कुछ का मानना है कि 8.2 फीसदी की जोरदार GDP ग्रोथ के बाद अब कटौती की जल्दी नहीं है।

पिछले दो महीनों से खुदरा महंगाई (CPI) सरकार के तय 2 फीसदी निचले बैंड से भी नीचे चल रही है। अक्टूबर में तो यह रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। खाने-पीने की चीजें सस्ती होने और GST में कटौती की वजह से महंगाई पर लगाम लगी है। दूसरी तरफ दूसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 8.2 फीसदी आई है, जो ज्यादातर अनुमानों से कहीं बेहतर है। यही वजह है कि कटौती का फैसला आसान नहीं रह गया है।

कटौती के पक्ष में कौन-कौन है?

क्रिसिल के चीफ इकोनॉमिस्ट धर्मकीर्ति जोशी का कहना है कि अक्टूबर में महंगाई में भारी गिरावट ने 25 आधार अंक कटौती का पूरा स्पेस बना दिया है। उनका मानना है कि ग्रोथ तो मजबूत है ही, महंगाई का इतना नीचे जाना मौका दे रहा है।

HDFC बैंक की रिपोर्ट भी कहती है कि इस साल ग्रोथ उम्मीद से ज्यादा और महंगाई उम्मीद से कम रही है। रिपोर्ट में लिखा है कि अभी भी दूसरी छमाही में ग्रोथ पर कुछ रिस्क बाकी हैं और महंगाई वित्त वर्ष 27 की तीसरी तिमाही तक 4 फीसदी से काफी नीचे रहने वाली है। इसलिए दिसंबर में 25 आधार अंक कटौती की गुंजाइश बनी हुई है।

Also Read: वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की जीडीपी में जबरदस्त उछाल, दूसरी तिमाही में 8.2% की वृद्धि

हाउसिंग और रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारी अशोक कपूर भी यही कहते हैं कि महंगाई रिकॉर्ड निचले स्तर पर है, RBI के पास पूरी गुंजाइश है। उनका कहना है कि पहले की 100 आधार अंक कटौती और GST में राहत से हाउसिंग सेक्टर को पहले ही फायदा मिल रहा है, एक और कटौती से रफ्तार और बढ़ेगी।

रुकने की वकालत करने वाले भी कम नहीं

बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ इकोनॉमिस्ट मदन सब्नाविस कहते हैं कि मामला बराबर का है। उनका तर्क है कि नीति आगे की सोच कर बनाई जाती है। वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही और अगले साल महंगाई फिर 4 फीसदी के ऊपर जाने की संभावना है। ऐसे में रियल रीपो रेट 1 से 1.5 फीसदी के दायरे में रहेगा, जो ठीक-ठाक है। इसलिए रेट में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए।

ICRA की चीफ इकोनॉमिस्ट अदिति नायर भी यही राय रखती हैं। उनका कहना है कि दूसरी तिमाही में GDP 8 फीसदी के पार चली गई है, ऐसे में दिसंबर में कटौती की संभावना अब कम लग रही है, भले ही अक्टूबर में महंगाई सबसे नीचे रही हो।

SBM बैंक के हेड-फाइनेंशियल मार्केट्स मंदार पितले भी स्टेटस-को बनाए रखने के पक्ष में हैं। उनकी दलील है कि अभी बैलेंस ऑफ पेमेंट को सपोर्ट करने और बैंकों के पास जमा बढ़ाने के लिए ऊंचे ब्याज दरों की जरूरत है। कटौती हुई तो लोग बैंक डिपॉजिट से पैसा निकालकर दूसरी जगह लगा सकते हैं।

SBI की रिसर्च रिपोर्ट भी कहती है कि इतनी अच्छी ग्रोथ और इतनी कम महंगाई के बीच अब RBI को बाजार को साफ-साफ बताना होगा कि आगे रेट का रास्ता क्या होगा। अभी न्यूट्रल रुख ही बना रहने की उम्मीद है।

ज्यादातर विशेषज्ञों का अनुमान है कि भले फैसला जो भी हो, गवर्नर का लहजा न्यूट्रल से थोड़ा डोविश (कटौती की तरफ झुका हुआ) रहेगा और लिक्विडिटी को लेकर आश्वासन जरूर मिलेगा। साथ ही आगे भी ग्रोथ के हिसाब से और कटौती की गुंजाइश का संकेत मिल सकता है।

(PTI के इनपुट के साथ)

Advertisement
First Published - November 30, 2025 | 4:27 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement