New GDP series: आधार वर्ष 2022-23 पर आधारित नई राष्ट्रीय आय सीरीज के तहत चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था 7.8 फीसदी की दर से बढ़ी। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के 7.4 फीसदी की तुलना में ज्यादा है।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 7.8 फीसदी की दर से बढ़ा। इसके साथ ही मंत्रालय ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की समूची अवधि में देश की अर्थव्यवस्था के 7.6 फीसदी बढ़ने का अनुमान है जबकि पहले इसका अनुमान 7.4 फीसदी लगाया गया था।
Also Read: रिटायरमेंट और चिल्ड्रन फंड्स बंद: 44 स्कीमों पर ताला, अब निवेशकों के पैसे का क्या होगा?
वार्षिक और तिमाही राष्ट्रीय आय के ये अनुमान नई राष्ट्रीय आय सीरीज के तहत जारी किए गए हैं। अब 2011-12 को आधार वर्ष मानने वाली पुरानी सीरीज की जगह 2022-23 को नया आधार वर्ष बनाया गया है। आधार वर्ष वह अवधि होता है, जिसके दाम और उत्पादन स्तर को मानक मानकर आगे की वृद्धि दर की तुलना की जाती है।
इसके साथ ही जुलाई-सितंबर 2025-26 की वृद्धि दर को संशोधित कर 8.4 फीसदी कर दिया गया है, जो पहले 8.2 फीसदी आंकी गई थी। हालांकि, अप्रैल-जून तिमाही की वृद्धि दर को 7.8 फीसदी से घटाकर 6.7 फीसदी कर दिया गया है। आधार वर्ष में बदलाव से आर्थिक गतिविधियों के आकलन का दायरा व्यापक होता है और नई संरचना के अनुरूप आंकड़ों को अपडेट किया जाता है। इससे अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति को बेहतर तरीके से दर्शाया जा सकता है।
(PTI इनपुट के साथ)