SBI Life Dividend: एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के शेयर गुरुवार (26 फरवरी) को शुरुआती कारोबार में एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में यह बढ़त डिविडेंड के एलान के चलते देखने को मिली। कंपनी के बोर्ड ने 25 फरवरी को शेयरहोल्डर्स के लिए अंतरिम डिविडेंड का एलान किया है। इस खबर के बाद शुरुआती कारोबार में शेयर करीब 1.5 प्रतिशत तक चढ़ गया।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी (SBI LIFE) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 2.7 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि यह डिविडेंड उन शेयरहोल्डर्स को मिलेगा, जिनका नाम कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज होगा। इसके लिए 6 मार्च को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास शेयर होंगे, उन्हें डिविडेंड मिलेगा। डिविडेंड का भुगतान 27 मार्च 2026 तक कर दिया जाएगा।
डिविडेंड की घोषणा के बाद एनएसई पर कंपनी का शेयर करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ लगभग 2,094 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान शेयर ने 2,098 रुपये का हाई और 2,075.6 रुपये का लो लेवल छुआ। इस साल अब तक शेयर ने निवेशकों को लगभग 2.8 प्रतिशत का रिटर्न दिया है, यानी ज्यादा बढ़त नहीं हुई है।
दिवेन्द कंपनी के मुनाफे का वह हिस्सा होता है, जो कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स को देती है। यह शेयर रखने के बदले इनाम की तरह होता है। कंपनी साल में एक बार, दो बार, हर तिमाही या बीच साल में भी डिविडेंड दे सकती है। निवेशकों के लिए यह शेयर की कीमत बढ़ने के अलावा नियमित कमाई का एक जरिया होता है।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने वित्तीय वर्ष 26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही (वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही) में लगभग 5 प्रतिशत सालाना की वृद्धि के साथ 577 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ बुधवार को दर्ज किया। यह खर्चों की वृद्धि से प्रभावित हुआ जबकि प्रीमियम आय जबरदस्त ढंग से बढ़ी। वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में मुनाफा 551 करोड़ रुपये था। बीमाकर्ता की शुद्ध प्रीमियम आय 24,828 करोड़ रुपये से 21.8 प्रतिशत बढ़कर 30.245.32 करोड़ रुपये हो गई।