अर्थव्यवस्था

कृषि और संबद्ध उत्पादों का निर्यात अप्रैल-अक्टूबर में 12 फीसदी बढ़कर 30 अरब डॉलर के पार

Published by
भाषा
Last Updated- December 27, 2022 | 8:15 PM IST

भारत का कृषि और संबद्ध वस्तुओं का निर्यात चालू वित्त वर्ष के पहले सात माह (अप्रैल-अक्टूबर) में 11.97 फीसदी बढ़कर 30.21 अरब डॉलर पर पहुंच गया। कृषि मंत्रालय ने सोमवार को बयान में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष (2021-22) की समान अवधि में देश से कृषि वस्तुओं का निर्यात 26.98 अरब डॉलर का हुआ था। देश से जिन जिंसों का निर्यात हुआ उनमें गेहूं, बासमती चावल, कच्चा कपास, अरंडी तेल, कॉफी और ताजे फल प्रमुख रूप से शामिल हैं।

वित्त वर्ष 2021-22 में कृषि और संबद्ध वस्तुओं का कुल निर्यात 20 प्रतिशत बढ़कर 50.24 अरब डॉलर रहा था, जो इससे पिछले साल 41.86 अरब डॉलर रहा था। मंत्रालय ने कहा कि जुलाई, 2020 में ‘किसान रेल’ सेवा की शुरुआत के साथ कृषि उपज ‘लॉजिस्टिक्स’ में सुधार हुआ है। इस साल दिसंबर तक देश में 167 मार्गों पर किसान रेल चलाई गई। लगभग 1,260 थोक मंडियों को 22 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में इलेक्ट्रॉनिक-राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) के साथ जोड़ा गया है। चालू माह तक 1.72 करोड़ किसान और 2.13 लाख व्यापारी इस मंच पर पंजीकृत हुए हैं। इसके अलावा 4,015 किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को एक नई योजना के तहत पंजीकृत किया गया है।

First Published : December 26, 2022 | 3:35 PM IST