कंपनियां

Zee ने Disney संग करार तोड़ा, 1.4 अरब डॉलर की थी डील

Zee - Disney Deal : Walt Disney संग 4 साल (2024 से) के लिए था Zee का यह समझौता

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- January 25, 2024 | 11:09 PM IST

ज़ी एंटरटेनमेंट ने वॉल्ट डिज्नी को बताया है कि वह क्रिकेट टीवी अ​धिकारों के लिए 1.4 अरब डॉलर भुगतान के सौदे पर आगे नहीं बढ़ना चाहती है। इस मामले से अवगत दो अ​धिकारियों ने यह जानकारी दी है।

ज़ी ने अगस्त में भारतीय शेयर बाजारों को बताया था कि उसने चार साल (2024 से) के लिए इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल टीवी ब्रॉडकास्ट के विशेष अ​धिकार के लिए डिज्नी के साथ लाइसेंस समझौता किया, जबकि अमेरिकी कंपनी (वॉल्ट डिज्नी) के पास स्ट्रीमिंग अ​धिकार होंगे।

एक अ​धिकारी ने कहा, ‘डील खत्म हो गई है। ज़ी ने कह दिया है कि वह भुगतान की ​स्थि​ति में नहीं है। ज़ी ने अ​धिकारों को पूरी तरह से छोड़ दिया है।’ ज़ी ने इस बारे में पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दिया है। दो अ​धिकारियों ने नाम नहीं छापे जाने के अनुरोध पर कहा कि भारतीय कंपनी हाल के सप्ताहों में वॉल्ट डिज्नी को 20 करोड़ डॉलर का पहला भुगतान करने वाली थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई। अब उसने वॉल्ट डिज्नी को बता दिया है ​कि वह सौदे पर आगे नहीं बढ़ रही है।

सूत्रों का कहना है कि इस सप्ताह सोनी के भारतीय व्यवसाय के साथ ज़ी का संभावित विलय समाप्त होने से डिज्नी के साथ ज़ी के टीवी अ​धिकार सौदे पर भी असर पड़ा। ज़ी को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उद्योग के जानकारों का कहना है ​कि सोनी के साथ विलय समाप्त होने से भारत के बेहद लोकप्रिय टीवी नेटवर्कों में से एक ज़ी पर नए भागीदारों को तलाशने का दबाव वढ़ रहा था।

सोनी के साथ समझौता टूटने से उसे अन्य नियामकीय, व्यावसायिक और वित्तीय चुनौतियों के अलावा बड़ी कानूनी लड़ाई का भी सामना करना पड़ रहा है। ज़ी का विज्ञापन राजस्व 2022-23 में घटकर 48.8 करोड़ डॉलर रह गया, जो पांच साल पहले करीब 60 करोड़ डॉलर था। आर​​क्षित नकदी भी इस दौरान 11.6 करोड़ डॉलर से घटकर 8.6 करोड़ डॉलर रह गई।

First Published : January 25, 2024 | 11:09 PM IST