रियल एस्टेट

Housing size growth: देश के 7 प्रमुख शहरों में मकानों का औसत साइज 7% बढ़ा, NCR में सबसे ज्यादा इजाफा

लक्जरी मकानों की बढ़ती मांग से बढ़ा साइज, NCR में 29% और MMR में सबसे कम 8% वृद्धि

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- January 22, 2025 | 3:48 PM IST

लोग अब बड़े मकानों में रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। जिससे मकानों के साइज में इजाफा हो रहा है। देश के 7 प्रमुख शहरों में सबसे अधिक मकान का साइज एनसीआर में बढ़ा है। कोरोना पूर्व से तुलना करें तो एनसीआर में मकान का साइज बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। मकान का साइज बढ़ने की एक अहम वजह लक्जरी मकानों की सप्लाई अधिक होना है।

मकानों के साइज में कितनी हुई वृद्धि?

संपत्ति सलाहकार फर्म एनारॉक समूह के मुताबिक देश के 7 प्रमुख शहरों में मकानों के साइज में औसतन 7 फीसदी इजाफा हुआ है। इन प्रमुख शहरों में 2023 में मकानों का औसत साइज 1,420 वर्ग फुट था, जो 2024 में बढ़कर 1,540 वर्ग फुट हो गया। 7 प्रमुख शहरों में कोरोना पूर्व 2019 की तुलना में 2024 में मकान का औसत साइज 34 फीसदी बढ़कर 1,540 वर्ग फुट हो गया है। एनारॉक समूह के अध्यक्ष अनुज पुरी ने कहा कि कोरोना के बाद संपत्ति की कीमतों में काफी वृद्धि के बावजूद मकान के साइज में इजाफा होना दर्शाता है कि यह वास्तविक मांग से प्रेरित है। लक्जरी सेगमेंट में लगातार वृद्धि के कारण मकानों के साइज में वृद्धि हो रही है।

किस शहर में सबसे अधिक बढ़ा मकान का साइज?

मकानों के साइज में वृद्धि के मामले में एनसीआर सबसे आगे है। यहां मकानों के साइज में सबसे अधिक 29 फीसदी इजाफा हुआ है। 2024 में एनसीआर में मकान का औसत साइज 2,435 वर्ग फुट रहा, जो 2023 के औसत साइज 1,890 वर्ग फुट से अधिक है। कोरोना पूर्व की बात करें तो एनसीआर में मकानों का साइज बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। कोरोना से पहले 2019 में यहां मकान का औसत साइज 1,250 वर्ग फुट था, जो 2024 में 95 फीसदी बढ़कर 2,435 वर्ग फुट हो गया। पुरी ने कहा कि एनसीआर में मकानों के औसत साइज में सबसे अधिक 29 फीसदी वृद्धि की वजह पिछले एक साल में इस क्षेत्र में नए लक्जरी आवास की सप्लाई अधिक होना है।

2023 में लॉन्च हुए कुल 36,735 मकानों में से लक्जरी सेगमेंट की हिस्सेदारी 40 फीसदी थी, जबकि 2024 में इस क्षेत्र में लॉन्च हुए 53,000 मकानों में से 70 फीसदी मकान लक्जरी थे। एनसीआर में किफायती सेगमेंट के मकानों की हिस्सेदारी 2024 में घटकर 11 फीसदी रह गई। 2023 में यह आंकड़ा 24 फीसदी था।

प्रमुख शहरों में हैदराबाद दूसरे नंबर पर, MMR सबसे नीचे

एनसीआर के बाद हैदराबाद में बड़े साइज के मकान बिक रहे हैं। हैदराबाद में मकानों का औसत साइज 2,103 वर्ग फुट है। हालांकि 2023 की तुलना में 2024 में हैदराबाद में मकान के औसत साइज में गिरावट आई है। चेन्नई, बैंगलूरु, कोलकाता और पुणे में मकान का औसत साइज क्रमश: 1,445, 1,660, 1,149 और 1,135 वर्ग फुट है। Mumbai Metropolitan Region( MMR) में मकान का औसत साइज सबसे कम 849 वर्ग फुट है। पुरी कहते हैं कि स्थायी रूप से सीमित जगह वाले MMR में कोरोना पूर्व 2019 से 2024 की अवधि में मकान के औसत साइज में सबसे कम वृद्धि देखी गई। MMR में 2019 में औसत मकान का साइज 784 वर्ग फुट था, जो 2024 में 8 फीसदी बढ़कर 849 वर्ग फुट हो गया।

First Published : January 22, 2025 | 3:41 PM IST