दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर रविवार को भी इंडिगो ने 220 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं। ये परेशानी लगातार छठे दिन चल रही है। हजारों यात्री परेशान हैं, कोई घंटों एयरपोर्ट पर अटका है तो किसी का प्लान चौपट हो गया।
सूत्रों के मुताबिक मुंबई एयरपोर्ट से 112 और दिल्ली से 109 उड़ानें कैंसल हुईं। अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट पर भी हाल बेहाल है। वहां इंडिगो की 11 में से 9 उड़ानें रविवार को रद्द कर दी गईं। सिर्फ दो फ्लाइट ही उड़ सकीं। शनिवार को भी यहीं नौ फ्लाइट्स कैंसल हुई थीं। एयरपोर्ट डायरेक्टर केएम नेहरा ने बताया कि चल रही दिक्कत की वजह से ऐसा हो रहा है।
सबसे बुरा दिन शुक्रवार था जब इंडिगो ने अपने रोज़ के 2300 फ्लाइट्स में से करीब 1600 उड़ानें ही नहीं उड़ा पाई। शनिवार को थोड़ी राहत मिली और कैंसिलेशन घटकर लगभग 800 रह गए। कंपनी ने बताया कि शनिवार को 1500 फ्लाइट्स ऑपरेट की गईं। उनका कहना था कि नेटवर्क, सिस्टम और क्रू रोस्टर को री-बूट करने के लिए जानबूझकर कम फ्लाइट्स चलाई गई थीं ताकि शनिवार से स्थिति सुधरे। कुछ शुरुआती सुधार भी दिख रहे हैं।
Also Read: IndiGo फ्लाइट संकट के बीच एयर इंडिया ने बढ़ाया कदम- किराए पर लगाम से लेकर फ्री कैंसलेशन तक की सुविधा
डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीओओ पोरक्वेरास को नोटिस थमा दिया है। 24 घंटे में जवाब माँगा गया है। नोटिस में कहा गया है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी प्लानिंग, निगरानी और रिसोर्स मैनेजमेंट में भारी चूक दिखाती है। असल वजह नई फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) स्कीम को ठीक से लागू करने के लिए जरूरी इंतजाम न कर पाना बताया गया है।
शनिवार को ही सिविल एविएशन मिनिस्टर राममोहन नायडू ने इंडिगो के सीईओ से दिल्ली में लंबी मीटिंग की। सिविल एविएशन सेक्रेटरी समीर कुमार सिन्हा और डीजीसीए चीफ फैज अहमद किदवई भी मौजूद थे। मिनिस्टर ने साफ कहा कि नई FDTL नियमों को जल्दी और पूरी तरह लागू करो। सबसे पहले नॉर्मल ऑपरेशन बहाल करो और कैंसल या देरी वाली हर टिकट का पूरा रिफंड करो।
डीजीसीए ने चार सदस्यों की जांच टीम बना दी है। इसमें जॉइंट डायरेक्टर जनरल संजय के ब्रम्हाने, डिप्टी डायरेक्टर जनरल अमित गुप्ता, सीनियर फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर कैप्टन कपिल मांगलिक और फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर कैप्टन रामपाल शामिल हैं। 15 दिन में रिपोर्ट देनी है कि आखिर इतनी बड़ी गड़बड़ क्यों हुई और आगे क्या करना चाहिए।
मिनिस्ट्री ने हवाई किराए पर कैप लगाने और रविवार शाम 8 बजे तक सभी कैंसल-डिले फ्लाइट्स का पूरा रिफंड देने के सख्त निर्देश दे दिए हैं। सूत्र बता रहे हैं कि जांच के नतीजे आने के बाद इंडिगो और उसके टॉप अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल यात्रियों की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही और एयरलाइन दिन-रात कोशिश कर रही है कि जल्द से जल्द सब कुछ पहले जैसा हो जाए।
(PTI के इनपुट के साथ)