facebookmetapixel
Advertisement
भारत में फिर लौटा Coinbase! अब सीधे बैंक खाते से होगी क्रिप्टो खरीद-बिक्री60,000 करोड़ रुपये की पीएम-सेतु योजना में दक्षिण के इस राज्य ने मारी बाजीOla-Ather के बाद अब Simple Energy की बारी! IPO से पहले 250 करोड़ जुटाकर बनाई बड़ी तैयारीLuxury Sedans: मर्सिडीज, ऑडी और बीएमडब्ल्यू की बिक्री में सिडैन अब भी कैसे बनी बड़ी ताकतऑलकार्गो का बड़ा प्लान! अगले 10 साल AI और डिजिटलीकरण पर दांव, लॉजिस्टिक्स सेक्टर में होगा बड़ा बदलावCrude Oil Prices: मिडिल ईस्ट में फिर भड़की जंग, तेल की कीमतों में आया उछालSUV ट्रेंड के बीच सिडैन का दम नहीं हुआ कम, लग्जरी कार बाजार में अब भी 40% तक हिस्सेदारीLPG Price Hike: 1 जून से लागू हुए नए LPG रेट, दिल्ली में सिलेंडर पहुंचा 3113 रुपये के पारStocks To Watch Today: SBI Life, Wockhardt, Lupin से लेकर PB Fintech तक, आज इन शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजरIPL 2026 Final: गेंदबाजों के बाद कोहली का जलवा, RCB ने लगातार दूसरी ट्रॉफी जीती

UP में फलों के राजा ‘आम’ पर मौसम की मार, 50 फीसदी फसल हुई खराब

Advertisement
Last Updated- April 30, 2023 | 12:20 PM IST
Mango crop

बेमौसम हुई तेज बारिश फिर समय से पहले ही पड़ने वाली तेज गर्मी ने इस बार उत्तर प्रदेश में आम का मिजाज बिगाड़ कर रख दिया है। खराब मौसम की मार से इस बार प्रदेश में आम का उत्पादन आधा रह जाने की आशंका जतायी जा रही है। उत्तर प्रदेश के फल पट्टी क्षेत्र मलिहाबाद-काकोरी के बागवानों के मुताबिक बीते कई सालों के मुकाबले इस बार आम की कीमत खासी ज्यादा रहेगी और यह आम लोगों की पहुंच से दूर हो सकता है।

उत्तर प्रदेश में आम की फसल पर संकट बौर आने के साथ ही शुरू हो गया था। पहले तो फरवरी के आखिरी हफ्ते से लेकर आधे मार्च में ही तेज धूप ने बौर पर असर डाला और इसके बाद 16 मार्च से 21 मार्च के बीच हुई मूसलाधार बारिश ने बहुत कुछ बर्बाद कर दिया।

मलिहाबाद की मशहूर नफीस नर्सरी के शबीहुल हसन बताते हैं कि फरवरी-मार्च की गर्मी के चलते ही 25-30 फीसदी बौर नष्ट हो गयी थी और रही सही कसर बाद में हुई बारिश ने पूरी कर दी। उनका कहना है कि अब जो बागों की हालत है उसमें कारोबारियों को घाटे के सिवा कुछ नहीं दिख रहा है।

बागवान हकीम त्रिवेदी बताते हैं कि मार्च के आखिरी हफ्ते में हुयी जोरदार बारिश के बाद आम के पेड़ों में ब्लैक फंगस की बीमारी लग गयी जिसके बाद आधी से ज्यादा फसल नष्ट हो गयी है। उनका कहना है कि बारिश के चलते पेड़ों पर हुआ कीटनाशक वगैरा का छिड़काव भी धुल गया और बीमारी को पनपने का मौका मिल गया।

खुद सेंट्रल इंस्टीट्यूट आफ सब ट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर (सीआईएसएच) का अनुमान प्रदेश भर में इस बार 25 फीसदी तो मलिहाबाद में 35 फीसदी तक आम के फसल के खराब हो जाने का है। वैज्ञानिकों का कहना है फल पट्टी क्षेत्र मलिहाबाद-काकोरी में ओला, तेज बारिश व आंधी ने भी काफी नुकसान किया है। इस बार आम के आठ प्रमुख उत्पादक जिलों में नुकसान का जायजा लेने के लिए बनाई गयी टीम ने भी सबसे ज्यादा 35 फीसदी नुकसान लखनऊ में तो बाकी जगहों पर करीब 20 से 25 फीसदी का अनुमान लगाया है।

गौरतलब है कि देश भर में होने वाले आम उत्पादन का सबसे ज्यादा करीब 23 फीसदी अकेले उत्तर प्रदेश में होता है। प्रदेश में काकोरी-मलिहाबाद में दशहरी, सहारनपुर में दशहरी-सफेदा, बनारस में लंगड़ा-चौसा और पूर्वी जिलों में कपूरी जैसे उम्दा आमों का पैदावार होती है। प्रदेश में एक अनुमान के मुताबिक 27 लाख हेक्टेयर आम के बागान हैं और सामान्य सीजन में 45 लाख टन की पैदावार होती है।

शबीहुल हसन बताते हैं कि लखनऊ के अलावा वाराणसी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, सहारनपुर, बुलंदशहर, शामली, कुशीनगर, गोरखपुर, चंदौली, बागपत, मुजफ्फरनगर सहित दो दर्जन जिलों में आम की अच्छी पैदावार होती है। खराब मौसम से सबसे ज्यादा प्रभाव दशहरी, लखनौव्वा, चौसा और लंगड़ा जैसे आमों पर पड़ा है।

Advertisement
First Published - April 30, 2023 | 12:20 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement